loader image
Latest:
Saturday, March 21, 2026

अमेरिका में करनाल के युवक की हत्या:​​​​​​​रिटायर्ड फौजी ने की थी फायरिंग,आठ बहनों का इकलौता भाई था, कर्ज लेकर गया था विदेश

अमेरिका में करनाल जिले के हथलाना गांव के एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। युवक पर एक रिटायर्ड फौजी ने फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद आरोपी फौजी ने खुद को भी गोली मार ली। यह दर्दनाक हादसा अमेरिका के पोर्टलैंड-वाशिंगटन बॉर्डर के पास हुआ। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है, जो करनाल का रहने वाला था।

परिवार के मुताबिक प्रदीप करीब डेढ़ साल पहले अमेरिका गया था। उसे वहां तक पहुंचने में आठ महीने लग गए थे। वहां वह एक स्टोर पर काम करता था और तीन-चार दिन पहले ही घर पर बात करके बताया था कि सब ठीक चल रहा है। उसने कहा था कि उसे अब काम मिल गया है और वह जल्द ही कर्ज उतार देगा। प्रदीप परिवार का एकमात्र सहारा था क्योंकि पिता की मौत पहले ही हो चुकी थी।

प्रदीप की मौत के बाद घर पर शोक व्यक्त करते ग्रामीण।
प्रदीप की मौत के बाद घर पर शोक व्यक्त करते ग्रामीण।

जानकारी के अनुसार, अमेरिका में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी ने अज्ञात कारणों से अचानक स्टोर में फायरिंग शुरू कर दी। उसी समय प्रदीप भी वहां मौजूद था। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी ने 15 मिनट पहले ही स्टोर में प्रवेश किया था और आते ही प्रदीप पर तीन से चार गोलियां दाग दीं। इसके बाद उसने खुद की कनपटी पर पिस्टल रखकर आत्महत्या कर ली। फायरिंग की वजह का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

परिवार को इस दर्दनाक हादसे की खबर शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मिली। खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। प्रदीप आठ बहनों का इकलौता भाई था। उसकी शादी करीब दस साल पहले हुई थी, लेकिन अब तक कोई संतान नहीं थी। परिवार का कहना है कि दीवाली के त्यौहार से ठीक पहले आई यह खबर उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं है।

गांव के प्रदीप के घर बाहर खड़े परिजन।
गांव के प्रदीप के घर बाहर खड़े परिजन।

परिजनों ने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि प्रदीप के शव को जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि गांव में अंतिम संस्कार किया जा सके। ग्रामीण सतपाल पहलवान ने बताया कि परिवार पहले से ही कर्ज में डूबा हुआ है और घर की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी प्रदीप पर ही थी, लेकिन उसके जाने से सबकुछ बिखर गया है। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।

प्रदीप की मौत की सूचना पर विलाप करती उसकी मां व पत्नी।
प्रदीप की मौत की सूचना पर विलाप करती उसकी मां व पत्नी।
प्रदीप की मौत की सूचना पर घर पर विलाप करती महिलाएं।
प्रदीप की मौत की सूचना पर घर पर विलाप करती महिलाएं।
Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!