loader image
Latest:
Saturday, March 21, 2026

एचपीएससी चेयरमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त किया जाए, आयोग को किया जाए भंग: अभय सिंह चौटाला

चंडीगढ़ | 7 जुलाई 2025 | Sahil Kasoon The Airnews : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) पर बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आयोग को तुरंत भंग करने की मांग की है। अभय चौटाला ने कहा कि भूगोल विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर के पेपर की आंसर-की जारी होने के बाद कई गड़बड़ियां सामने आई हैं, जो गंभीर चिंता का विषय हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएससी का चेयरमैन आलोक वर्मा बिहार से है और वह बिहार एवं उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देकर हरियाणा के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। चौटाला ने बताया कि भूगोल के पेपर में 32 सवाल बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन के पेपर से हूबहू उठाए गए हैं। यह साफ दर्शाता है कि आयोग एक साजिश के तहत कार्य कर रहा है।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अब तक आयोजित हुए असिस्टेंट प्रोफेसर के सभी विषयों के पेपर में सील टूटी मिली है और कई प्रश्नों के उत्तर आंसर-की में गलत दिए गए हैं। रिवाइज्ड आंसर-की में छह सवालों के जवाब बदल दिए गए हैं और कुछ सवाल हटा भी दिए गए। उन्होंने दावा किया कि यह सब भाजपा सरकार की शह पर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो बिना पर्ची, बिना खर्ची की बात करती है, उसी सरकार के राज में हरियाणा के असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती के लिए लाखों रुपए वसूले जा रहे हैं। प्रदेश के योग्य और प्रतिभाशाली युवा सरकार और आयोग की साजिश का शिकार बन रहे हैं।

अभय चौटाला ने मांग की कि एचपीएससी चेयरमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए और तुरंत उसे उसके पद से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएससी अब पूरी तरह से भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है, इसलिए इसे तत्काल भंग किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि कई सामाजिक कार्यकर्ता और एक्टिविस्ट लगातार एचपीएससी और भाजपा सरकार की धांधलियों को उजागर कर रहे हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!