कैथल में खेत में मेढ़ बनाने को लेकर झगड़ा: 6 लोगों ने किसान पर लाठी-डंडों से हमला किया, बुरी तरह घायल

मामले में कार्रवाई करती पुलिस
कैथल में खेत में मेढ़ बनाने को लेकर झगड़ा: 6 लोगों ने किसान पर लाठी-डंडों से हमला किया, बुरी तरह घायल
कैथल 26 मई (The Airnews | रिपोर्टर: Sahil Kasoon) हरियाणा के कैथल जिले के गांव माजरी में खेत की मेढ़ (सीमा रेखा) को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा में बदल गया। छह लोगों ने मिलकर एक किसान को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल किसान ने गुहला थाना में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
गांव माजरी निवासी केवल, जो पेशे से मिस्त्री हैं, ने बताया कि वह कुछ दिन पहले सुबह करीब 8 बजे अपने खेत में ज्वार की फसल में पानी देने के लिए गए थे। वहां पहले से ही गांव के रवि, प्रेम सिंह, कुलविंद्र सिंह, रिंकू सिंह, धर्मा सिंह और काला सिंह मौजूद थे।
इन लोगों ने किसान के खेत के अंदर जबरन मेढ़ खींच दी थी और कहा कि वे इसे नहीं हटाने देंगे। इसके बाद उन्होंने केवल के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
हमला कर घायल किया, जान से मारने की धमकी
केवल ने बताया कि रवि ने सबसे पहले उस पर डंडे से हमला किया, फिर अन्य आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान केवल गंभीर रूप से घायल हो गया। जब उसने शोर मचाया और आसपास के लोग आने लगे, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
गुहला थाना के जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।




