loader image
Saturday, November 8, 2025

कैथल में डॉक्टर को गोली मारने का मामला:मुख्य आरोपी पकड़ा, पिता बोले- रेकी कर बेटे पर गोली चलाई

कैथल के सेक्टर 21 में एक अप्रेंटिस एमबीबीएस डॉक्टर पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में डॉक्टर के पिता ने बड़ा खुलासा किया है। गोली लगने से घायल व अस्पताल में दाखिल डॉक्टर प्रतीक के पिता गुलाब सिंह ने बताया कि आरोपियों ने सोची समझी साजिश के तहत उसके बेटे पर गोली चलाई थी। उन्होंने उसे पहले भी सेक्टर 21 में शाम के समय करते हुए देखा था। ऐसे में आरोपियों द्वारा उसकी रेकी की जा रही थी। आरोपियों द्वारा उसके पैसे का मूल व ब्याज देना तो दूर उसके बेटे को मारने की साजिश रच डाली।

डाक्टर के पिता ने बताया कि, रविवार को भी जिस समय उसके बेटे पर गोलियां चलाई गई तो गोली चलाने वाले आरोपी जितेंद्र के साथी वहां पहले से पहुंचे हुए थे। उन लोगों ने ही प्रतीक के वहां होने की सूचना आरोपी जितेंद्र को दी थी।

डॉक्टर के पिता गुलाब सिंह ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसके बेटे पर ऐसी जगह जाकर हमला किया, जहां पर लोगों की आवाजाही कम थी। ऐसे में उन्होंने प्री प्लान करके गोली चलाने के लिए यह स्थान निर्धारित किया था, ताकि कोई भी व्यक्ति तुरंत मौके पर न पहुंच सके और वारदात की कोई रिकॉर्डिंग भी पुलिस व घायल डॉक्टर के परिजनों को न मिल सके।

डॉक्टर प्रतीक की फोटो
डॉक्टर प्रतीक की फोटो

उन्होंने बताया कि पहले भी आरोपियों ने उसके बेटे को कई बार धमकाया और उसको मारने की धमकियां दी, लेकिन पहले वे इसे इग्नोर करते रहे। उन्हें नहीं पता था कि आरोपी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने जान से मारने के लिए ही उसके बेटे पर गोली चलाई थी। यह गनीमत रही कि उसका बेटा समय रहते अस्पताल तक पहुंच गया, जिससे उसकी जान बची है।

उन्होंने बताया कि अभी भी उसके बेटे का इलाज चल रहा है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह कब तक ठीक हो पाएगा। डॉक्टर के पिता गुलाब सिंह ने बताया कि उन्होंने यह सोचकर रिटायरमेंट के पैसे आढ़ती जितेंद्र को दिए थे कि आने वाले समय में जरूरत के अनुसार उनका उपयोग कर सकेंगे।

ब्याज लगने से राशि में थोड़ी बहुत बढ़ोतरी होगी, लेकिन ब्याज और मूल मिलना तो दूर की बात आरोपियों ने साजिश रखकर उसके बेटे को ही ठिकाने लगाने की साजिश रच डाली। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी जितेंद्र और जिन लोगों के नाम FIR में हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे लोगों के बारे में भी पता लगाया जाए जो आरोपियों के साथ इस वारदात में शामिल रहे हैं।

बता दें कि, कैथल में रविवार को आरोपी आढ़ती ने सैर कर रहे डॉक्टर को गोली मार दी। डॉक्टर के पेट में गोली लगी। वारदात के बाद स्कूटी पर सवार आढ़ती वहां से फरार हो गया। गोली डॉक्टर के पेट के आर-पार हो गई थी, लेकिन वह घायल अवस्था में खुद ही अस्पताल पहुंच गए। इसका एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि डॉक्टर के पेट से खून बह रहा है और कपड़े भी फटे हुए हैं। उनके पीछे साथी भी दौड़कर आते हुए नजर आ रहे हैं।

डॉक्टर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में आढ़ती समेत 4 लोगों पर जानलेवा हमले की FIR दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह फायरिंग 50 लाख के लेन-देन को लेकर की गई। डॉक्टर के परिजनों के बयान लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!