गुरुग्राम में यूट्यूब से सीखा मर्डर का तरीका:वीडियो देख मौसेरे भाई की छाती में गोली मारी, ₹10 लाख देकर रेकी कराई
हरियाणा के गुरुग्राम में मौसेरे भाई ने यूट्यूब से मर्डर का तरीका देखकर कैंटीन ठेकेदार की हत्या कर दी। भाई की रेकी के लिए आरोपी ने 10 लाख रुपए में एक बदमाश भी हायर किया था। इस वारदात में उसके एक दोस्त भी शामिल रहा।
पुलिस ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने यूट्यूब से हत्या के तरीकों की वीडियो देखी। इसके बाद आरोपी पुलिस से बचने की वीडियो भी सर्च करता रहा।
आरोपी ने कैंटीन ठेकेदार संजय शर्मा के सिर में पिस्तौल सटा कर गोली मारी थी। हांलाकि उस समय पुलिस इसे एक्सीडेंट केस बता रही थी। लेकिन परिजनों के दबाव पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
गुरुग्राम के सेक्टर-37 डी के पास 6 जनवरी को संजय शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई पंकज शर्मा ने बताया कि तब सूचना मिली थी कि संजय का एक्सीडेंट हो गया है। हम जब मौके पर पहुंचे तो पता चला कि यह एक्सीडेंट नहीं, बल्कि मर्डर है। संजय डस्ट सप्लायर थे और DPG कॉलेज के बाहर कैंटीन भी चलाते थे।
संजय उस समय कैंटीन जाने के लिए अपनी कार से निकला था। सुबह साढ़े 7 बजे उसकी डेडबॉडी खून से लथपथ सड़क पर पड़ी मिली थी। कैंटीन उनके घर से करीब 8 किलोमीटर दूर है। जबकि जहां पर डेडबॉडी मिली थी, वह घर से कुछ दूरी पर ही है। राहगीरों ने सड़क पर शव देखकर पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा (56) निवासी गांव डहकोरा, जिला रोहतक और अनिल (48) निवासी गांव कंडेरा, बागपत (यूपी) के रूप में हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपी मौसेरे भाई गुरुदत्त शर्मा को देहरादून से गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे आरोपी अनिल को यूपी के मुजफ्फरनगर से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुरुदत्त शर्म देहरादून में कैफे चलाता है। संजय के साथ करीब 15 साल पहले गुरुदत्त बजरी क्रशर करने का बिजनेस करता था। बाद में आपसी मनमुटाव के चलते बिजनेस बंद हो गया। इसी रंजिश के चलते दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ।

गुरुदत्त ने अपने दोस्त अनिल और एक बस ड्राइवर के साथ मिलकर संजय की रेकी करवाई और प्लॉनिंग के अनुसार रामा पार्क, सेक्टर-37 D के पास संजय की गाड़ी को टक्कर मार कर रुकवा दिया। जब संजय शर्मा गाड़ी से नीचे उतरा तो गुरुदत्त ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
आरोपी गुरुदत्त ने पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि वारदात को अंजाम देने की काफी टाइम से प्लॉनिंग कर रहे थे। गुरुदत्त शर्मा ने हत्या की वारदात को अंजाम देने और रेकी के लिए आरोपी अनिल को 10 लाख रुपए दिए थे। अनिल मुजफ्फरनगर में प्राइवेट बस चलाता है।




