जींद में 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म:स्कूल से निकलते ही कार सवारों ने किया अगवा; बेहोशी की हालत में सड़क पर फेंकी

जींद के गांव में एक 16 वर्षीय स्कूली छात्रा को अगवा करके उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। छात्रा, जो 12वीं कक्षा में पढ़ती है, स्कूल से घर लौटते समय अगवा कर ली गई। पुलिस ने उसकी मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात में गांव के ही 3 युवकों के नाम आए हैं।
सदर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले गोहाना रोड के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी 22 दिसंबर को स्कूल गई थी। लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी। जब उन्होंने बेटी की तलाश की, तो वह स्कूल के पास बेहोश हालत में मिली। इसके बाद परिवार के लोग बेटी को घर लाए। उसका पति मजदूरी का काम करता है।
होश में आने पर उसकी बेटी ने बताया कि स्कूल से निकलते ही एक गाड़ी में सवार तीन लोगों ने उसे अगवा कर लिया। उनमें से एक लड़के का नाम साहिल था, जो उसी के गांव का ही रहने वाला है। छात्रा के अनुसार, साहिल और उसके दो साथी उसे एक अज्ञात जगह पर ले गए। वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया। साहिल ने उसे धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा।
सदर थाने के एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने छात्रा की मां की शिकायत पर साहिल व उसके दो दोस्तों पर BNS की धारा 96/137(2)/64(1)/351(3)/3(5) BNS AND 4,17 POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।




