The Airnews ( Amit Dalal )
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रदेश में जातीय आधार पर भाईचारा तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया और कांग्रेस पार्टी की आगामी रणनीति का भी खुलासा किया।
कांग्रेस का 40 दिवसीय जनसंपर्क अभियान
चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर में 40 दिवसीय जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर तक घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे। इस प्रयास का मकसद जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूती देना और लोगों के बीच सीधे संवाद स्थापित करना है।
नई पीढ़ी को कांग्रेस में जोड़ने की कोशिश
बीरेंद्र सिंह ने बताया कि अहमदाबाद अधिवेशन के बाद कांग्रेस संगठन के भीतर मजबूती लाने के प्रयास तेज हुए हैं। हरियाणा में पिछले एक दशक से संगठनात्मक कमजोरियों को स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि अब नई रणनीति के तहत युवाओं को विशेष तवज्जो दी जा रही है। पार्टी का फोकस युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व में सक्रिय बनाने पर है।
भाजपा पर जातीय विभाजन का आरोप
भाजपा पर निशाना साधते हुए बीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जातीय आधार पर भाईचारे को कमजोर करने की साजिश हो रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के वोट बैंक में भले ही कुछ बिखराव हुआ हो, लेकिन सामाजिक ताने-बाने में कोई कमी नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आने वाला जनसंपर्क अभियान न केवल संगठन को पुनर्जीवित करेगा, बल्कि भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूती प्रदान करेगा। बीरेंद्र सिंह ने जोर देकर कहा कि हरियाणा जैसे विविधता भरे राज्य में मेल-मिलाप और सामाजिक एकता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
पहलगाम हमले को बताया अमानवीय
कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले पर बोलते हुए बीरेंद्र सिंह ने इसे एक “अमानवीय” और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि कश्मीर की अर्थव्यवस्था मुख्यतः पर्यटन पर आधारित है और इस तरह के हमले न केवल आर्थिक विकास को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि पूरे देश को आहत करते हैं।
बीरेंद्र सिंह ने सराहना करते हुए कहा कि इस घटना के बाद देशभर में एक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है, जहां कश्मीरी जनता भी अब खुद को भारत का अभिन्न हिस्सा मानने लगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश की मजबूती के साथ कश्मीर की अर्थव्यवस्था भी नई ऊंचाइयों को छुएगी।
#Congress #BirenderSingh #HaryanaPolitics #BJPvsCongress #KurukshetraNews #PahalgamAttack #TheAirnews #TheAirnewsHaryana