loader image
Saturday, November 8, 2025

भिवानी में ​​​​​​​मंत्री श्रुति की कार का एक्सीडेंट:सुरक्षा में लगी पुलिस की गाड़ी ने पीछे से टक्कर मारी; गांवों के दौरे पर पहुंची थीं

हरियाणा के भिवानी जिले में मंगलवार को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। मंत्री तोशाम क्षेत्र के गांवों के दौरे पर थीं। इसी दौरान लोहानी से देवराला के बीच उनकी सरकारी फॉर्च्यूनर गाड़ी को उनकी सुरक्षा में लगे पुलिस वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।

हादसे में मंत्री श्रुति चौधरी बाल-बाल बच गईं। वह पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गईं। अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

मंत्री श्रुति चौधरी ने करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
मंत्री श्रुति चौधरी ने करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

 घटना के बाद मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी जिले में करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को लोगों की समस्याएं दूर करने के दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने गांव लोहानी में सिंचाई विभाग की सेंट्रल मैकेनिकल वर्कशॉप के जीर्णोद्धार परियोजना का शिलान्यास किया, जिसकी लागत 3 करोड़ 60 लाख रुपए है। इसके अलावा, गांव कैरू, ढाणी माहूं और खावा में लगभग 60 लाख रुपए की लागत से 5 पाइपलाइन डालने के कार्य का भी शुभारंभ किया गया।

गांवों के दौरे के दौरान मंत्री श्रुति चौधरी ने मीडिया से बात की।
गांवों के दौरे के दौरान मंत्री श्रुति चौधरी ने मीडिया से बात की।

 इस अवसर पर श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण विकास और जनकल्याण है। उन्होंने बताया कि बरसात से फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को जल्द ही मुआवजा मिलेगा। प्रशासन को इस प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का भी जिक्र किया, जिसके तहत 1 नवंबर से प्रदेश की महिलाओं को 2100 रुपए प्रतिमाह मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने इस योजना को महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया और विपक्षी दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है। कांग्रेस की आंतरिक नियुक्तियों पर पूछे गए प्रश्न पर श्रुति चौधरी ने कहा कि यदि सीएलयू और सीडी वाले नेताओं को ही नियुक्त करना था, तो यह कार्य एक साल पहले भी किया जा सकता था।

उन्होंने टिप्पणी की कि अब कांग्रेस हरियाणा में नाम मात्र की पार्टी बनकर रह गई है। कांग्रेस नेता संपत सिंह द्वारा पार्टी छोड़ने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि संपत सिंह सही कह रहे हैं। अब हरियाणा में कांग्रेस नाम का दल नहीं बचा है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!