Sahil Kasoon The Airnews | पंचकूला— हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला पंचकूला में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर छुपे हुए परशुराम जी के आदर्शों को पहचानें। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहस, ज्ञान और सेवा का भाव विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 31 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा, श्री सुरेंद्र नागर, श्रीमती रेखा शर्मा, कालका विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, पूर्व मंत्री श्री विनोद शर्मा और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बिप्लब देब सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
भगवान परशुराम जी अधर्म के खिलाफ संघर्ष के ध्वजवाहक हैं : नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन अधर्म के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज जब देश ‘विकसित भारत – विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, तो भगवान परशुराम जी के आदर्श हमें सच्चे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा,
“हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रही है।”
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आधुनिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता के साथ अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
भगवान परशुराम जी का धर्म स्थापना मंत्र आज भी प्रासंगिक
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज योग, आयुर्वेद और शांति के मार्ग पर दुनिया को राह दिखा रहा है। यह भगवान परशुराम जी जैसी महान विभूतियों द्वारा स्थापित विरासत का ही परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि भगवान परशुराम जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से:
-
कैथल में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम भगवान परशुराम जी के नाम पर रखा गया है।
-
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है।
-
गांव पहरावर में गौड़ ब्राह्मण कॉलेज को पट्टे पर भूमि प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा के सम्मान में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे : बृजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने कहा कि
“हरियाणा के लोग हमेशा से हमारे दिल के करीब रहे हैं और उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग हरियाणा के नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।”
उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी का आशीर्वाद प्रधानमंत्री मोदी को मिले ताकि वे भी देश के शत्रुओं का विनाश कर सकें।
ब्राह्मण समाज हमेशा समाज को जोड़ने का कार्य करता रहा है : डॉ अरविंद शर्मा
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ब्राह्मण समाज ने 36 बिरादरी को साथ लेकर समाज के विकास और कल्याण के लिए सदैव कार्य किया है। उन्होंने गरीब कल्याण और सामाजिक विकास को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
राज्यसभा सांसद और कार्यक्रम आयोजक श्री कार्तिकेय शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ‘नॉन-स्टॉप मुख्यमंत्री’ बताते हुए कहा कि उनका आवास जनता के लिए 24 घंटे खुला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2047 तक हरियाणा भी देश के साथ विकसित राज्यों की कतार में सबसे आगे रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री रामबिलास शर्मा, पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स, प्रसिद्ध खिलाड़ी योगेश्वर दत्त सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।