यमुनानगर में सिलेंडर ब्लास्ट, 10 लोग झुलसे:घर ढहा, 4 बच्चे और 2 महिलाएं गंभीर घायल; बड़े से छोटे सिलेंडर में गैस भरते हुए धमाका
हरियाणा के यमुनानगर में आज सुबह एलपीजी सिलेंडर फटने से 4 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके से घर की दीवारें भी ढह गईं और लेंटर तक में दरारें आ गई। घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जब घर के अंदर बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी।
बताया जा रहा है कि गैस ट्रांसफर के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे पूरे घर में आग फैल गई और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोग मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े। बताया जाए कि इस हादसे के अंदर एक गर्भवती महिला भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, जिस कमरे के अंदर ब्लास्ट हुआ, वहां दो भरे हुए सिलेंडर रखे हुए थे। गनीमत रही की वो चपेट में नहीं आए। वहीं, इससे पहले कई और लोग भी कमरे में मौजूद थे, जो धमाके से थोड़ी देर पहले ही फैक्ट्री में काम करने के लिए चले गए थे।



सलेमपुर गांव में हुई घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल जगाधरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल प्रवासी परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में लापरवाही के चलते हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्ष दर्शीयों का कहना है कि यदि यह हादसा आधे घंटे पहले होता तो नुकसान इससे ज्यादा गंभीर हो सकता था, क्योंकि उसे समय अधिकतर प्रवासी अपने कमरों पर ही मौजूद थे। इसके बाद में फैक्ट्री में काम करने के लिए चले गए थे।




