रोहतक रेलवे स्टेशन पर रिटायर्ड फौजी ने महिला को मारी गोली: ट्रेन में चढ़कर भागने की कोशिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रोहतक | 12 जुलाई 2025 | Sahil Kasoon The Airnews – हरियाणा के रोहतक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक रिटायर्ड फौजी ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक महिला को गोली मार दी। गोली चलाने के बाद आरोपी वहीं घायल महिला के पास खड़ा होकर मोबाइल फोन चलाता रहा। ट्रेन आने पर वह उसमें चढ़कर भागने की कोशिश करने लगा लेकिन यात्रियों के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की बंदूक भी जब्त कर ली गई है और घायल महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना शाम करीब 7:50 बजे की है जब महिला प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी वजीर सिंह शराब के नशे में था और वह यात्रियों को हटने के लिए कहते हुए बोला – “हट जाओ, गोली चलानी है।” इसके बाद उसने पिंकी नामक महिला की पीठ में गोली मार दी। गोली लगने के बाद महिला प्लेटफॉर्म पर गिर गई और तड़पने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली चलाने के बाद आरोपी वहीं महिला के पास खड़ा रहा और मोबाइल फोन पर बात करता रहा। जब कुरुक्षेत्र जाने वाली ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो वह उसमें चढ़कर भागने की कोशिश करने लगा। यात्रियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने ट्रेन में चढ़कर आरोपी को दबोच लिया। महिला को स्टेशन पर मौजूद लोगों की मदद से ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि घायल महिला पिंकी जुलाना की रहने वाली है और हिसार बाइपास पर एक फैक्ट्री में काम करती है। आरोपी वजीर सिंह रिटायर्ड फौजी है और लिजवाना खुर्द गांव का निवासी है। वह भी एक अन्य फैक्ट्री में काम करता है। SHO के मुताबिक दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। आरोपी शराब के नशे में था, उससे विस्तृत पूछताछ शनिवार सुबह की जाएगी। वहीं, महिला के होश में आने के बाद ही हम घटना के सही कारणों का पता लगा सकेंगे।




