loader image
Wednesday, March 25, 2026

स्पेन से आज कैथल पहुंचा युवक का शव:करंट लगने से हुई थी मौत; परिवार ने किया संस्कार

मृतक दीपक का फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

मृतक दीपक का फाइल फोटो।

कैथल जिले के गांव रिवाड जागीर के करीब 32 वर्षीय युवक दीपक की स्पेन में करंट लगने से मौत हो गई। उसका शव गांव में लाया गया और परिवार ने उसका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान परिवार के साथ साथ पूरे गांव में गमगीन माहौल रहा। दिल्ली से दीपक के शव को कैथल के गांव रिवाड़ जागीर लाया गया। वह स्पेन में मेहनत मजदूरी करता था।

बात करते समय करंट लगा

बता दें कि दीपक फोन पर अपने परिवार के पास वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। अचानक उसे करंट लगा और उसकी मौत हो गई। परिवार के सदस्य फोन पर उससे बात करने की कोशिश करते रहे। फोन तो चालू रहा, लेकिन युवक बात नहीं कर सका।

एयरपोर्ट पर दीपक का शव लेने पहुंचे परिजन
एयरपोर्ट पर दीपक का शव लेने पहुंचे परिजन

बाद में कॉल को काटकर परिवार के सदस्यों ने उस व्यक्ति को फोन किया, जिस व्यक्ति के पास वह ठहरा हुआ था और जिसके पास काम कर रहा था। तब उस व्यक्ति ने मौके पर जाकर देखा, तो पाया कि दीपक मृत अवस्था में वहां पड़ा हुआ था। इस संबंध में उसने तुरंत परिजनों को बताया।

विलाप करती हुई परिवार की महिलाएं
विलाप करती हुई परिवार की महिलाएं

जमीन गिरवी रखकर भेजा था

दीपक के भाई सोनू ने बताया कि उन्होंने करीब 21 लाख रुपए लगाकर उसे 10 महीने पहले स्पेन भेजा था। इसके लिए आधा एकड़ जमीन गिरवी रखी थी और कुछ पैसे अपने रिश्तेदारों से उधार लिए थे। परिवार को उम्मीद थी कि दीपक वहां जाकर परिवार की गरीबी को दूर करेगा, लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। अब इतने ही रुपए लगाकर दीपक के शव को वापस लाया गया।

सोनू ने बताया कि दीपक की शादी हो चुकी है। उसके दो बेटे हैं। बड़ा लड़का 8 साल का और दूसरा लड़का 5 महीने का है। परिवार के पास अब आय कोई अच्छा साधन नहीं नहीं है। दीपक के माता-पिता मजदूरी करते हैं। बेटे के हाथों दीपक को मुखाग्नी दी गई।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!