loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

अमेरिका में हरियाणा के युवक की गोली मारकर हत्या, 2 दिन बाद आना था भारत

 करनाल | Sahil Kasoon The Airnews|हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले संजीव (32) की अमेरिका के कैलिफोर्निया में गोली मारकर हत्या कर दी गई। संजीव रेस्टोरेंट से खाना लेने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं।

परिजनों के अनुसार संजीव डंकी रूट से वर्ष 2016 में अमेरिका गया था और करीब 30-35 लाख रुपये खर्च किए थे। वर्षों की मेहनत के बाद उसे ग्रीन कार्ड मिल गया था और वह अमेरिका में कानूनी रूप से स्थायी नागरिक बन गया था।

परिवार वालों के अनुसार संजीव 26 जुलाई को भारत आने वाला था। उसकी फ्लाइट 24 जुलाई को थी। वह तीन महीने भारत रुकने वाला था और इस दौरान विवाह संबंधी बातचीत शुरू होनी थी।

संजीव का छोटा भाई भी उसी के साथ कैलिफोर्निया में रह रहा था। उसने परिजनों को फोन कर हत्या की सूचना दी। भाई के अनुसार, संजीव रोज की तरह खाना लेने निकला था, लेकिन देर रात तक लौटकर नहीं आया। फिर कैलिफोर्निया पुलिस से फोन आया कि संजीव को गोली मारी गई है और उसकी मौत हो गई है।

संजीव करनाल के हथलाना गांव का रहने वाला था। अमेरिका जाने के बाद उसने मेहनत से काम किया और कानूनी नागरिकता प्राप्त की। वर्तमान में परिवार करनाल के सेक्टर-32 में रह रहा है।

संजीव की हत्या की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। मां बेसुध हो गईं और पिता गहरे सदमे में हैं। रिश्तेदार और गांववाले परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

कैलिफोर्निया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। हत्या के पीछे लूटपाट की मंशा थी या कोई अन्य वजह, अभी यह स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!