loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

उचाना में 25 हजार एकड़ भूमि को मिलेगा नहरी पानी:छात्तर में बिछेगी सीवर लाइन, MLA अत्री ने योजना का किया शुभारंभ

जींद जिले के उचाना के छात्तर और सुदकैन खुर्द गांव में विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने महा ग्राम योजना के तहत लगभग 67 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में छात्तर में नहरी पानी पर आधारित जलघर और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण तथा सुदकैन डिस्ट्रीब्यूटरी का नवनिर्माण शामिल है।

जिसका निर्माण होने पर 10 से अधिक गांवों में सिंचाई के लिए नहरी पानी मिल सकेगा।

छात्तर में जलघर और एसटीपी बनेगा

पूरे छात्तर गांव में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी, जिससे गंदे पानी की निकासी एसटीपी में होगी और गांव को शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए 18.36 करोड़ रुपए की लागत से लोधर रोड पर नहरी पानी आधारित जलघर का शिलान्यास किया गया।

गांव में वर्षों पुरानी गंदे पानी की निकासी की समस्या के समाधान हेतु 30.95 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी का निर्माण शुरू किया गया है। ​​​​​​​

शिलान्यास से पूर्व हवन करते विधायक व ग्रामीण।
शिलान्यास से पूर्व हवन करते विधायक व ग्रामीण।

टेल तक पहुंचेगा पानी

सुदकैन खुर्द गांव में डिस्ट्रीब्यूटरी के नवनिर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। बुर्जी नंबर 56 हजार से 1 लाख 18 हजार तक कॉन्क्रीट से डिस्ट्रीब्यूटरी का पुनर्निर्माण किया गया है। जिस पर नहरी विभाग ने लगभग 17 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इस नवनिर्माण से माइनर के टूटने की घटनाएं रुकेंगी और टेल तक पानी पहुंचेगा।

इन गांवों के किसानों को मिलेगा पानी

विधायक अत्री ने बताया कि सुदकैन डिस्ट्रीब्यूटरी से उचाना हलके के करसिंधु, पालवा, छात्तर, घोघडिय़ा, कसूहन, कालता, रोज खेड़ा, अलीपुरा, बड़ौदा, सुदकैन खुर्द सहित अन्य गांवों की लगभग 25 हजार एकड़ भूमि को नहरी पानी का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार 10 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों को महा ग्राम योजना के तहत शहरों जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है, जिसमें छात्तर गांव भी शामिल है।

वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान

विधायक अत्री ने जोर दिया कि नए जलघर और एसटीपी के निर्माण से पीने के पानी की किल्लत और गंदे पानी की निकासी की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर कार्य करने और उचाना हलके में विकास कार्यों की तेज गति का उल्लेख किया।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!