एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोर ASI गिरफ्तार किया:सोनीपत में ₹5 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा; एक्सीडेंट केस में मांगी थी रिश्वत
हरियाणा के सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो ने ASI को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम के आते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन एसीबी कर्मियों ने उसे दबोचकर गाड़ी में बैठा लिया।
एएसआई ने एक सड़क एक्सीडेंट मामले में कार्रवाई के बदले पानीपत निवासी एक युवक से रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित युवक ने इस संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की, इसके बाद पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की गई।

सैदपुर चौकी में तैनात है एएसआई आरोपी एएसआई विजयपाल ने सड़क एक्सीडेंट मामले में गाड़ी की सुपर-दारी मामले में कार्रवाई करने के लिए पानीपत के युवक से 5 हजार रुपए की डिमांड की थी। पीड़ित युवक ने इस संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई। वहीं आरोपी सैदपुर पुलिस चौकी में तैनात है।

जाल बिछाकर पकड़ा एएसआई शिकायत की जांच करने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाना शुरू कर दिया। योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी एएसआई ने बुधवार को युवक से 5 हजार रुपए की रिश्वत ली, एसीबी टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। उसके हाथों में रुपए देखकर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम सैदपुर पुलिस चौकी में पहुंची, जहां पूरे मामले से संबंधित कागजी कार्रवाई की जा रही है। रिश्वत की रकम को जब्त कर लिया गया है और आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।

भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। आगे की जांच में आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जाएगी।




