ऐलनाबाद के गाँव ढुकड़ा निवासी शहीद सुरजीत फौजी को नम आंखों से अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ संस्कार

ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव ढूकड़ा निवासी शहीद सुरजीत सिंह फौजी (सशस्त्र सीमा बल) के अपने तीन अन्य साथियों सहित कर्तव्य पथ पर जाते हुए वीरगति को प्राप्त होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर वीर जवान को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव ढूकड़ा निवासी SSB जवान शहीद सुरजीत सिंह का पार्थिव शरीर मंगलवार को हिसार के अग्रोहा पहुंचा, जहां परिवार के सदस्य और SSB के अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद पार्थिव देह को सिरसा के जमाल गांव से सटे राजस्थान सीमा में उनके पैतृक गांव नोहर क्षेत्र के गुडियाखेड़ा ले जाया गया, जहां श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
इसके उपरांत जमाल-चौपटा मार्ग से होते हुए मंगलवार दोपहर को शहीद का पार्थिव शरीर उनके गांव ढूकड़ा पहुंचा। सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में शहीद के घर पहुंच गए। परिजनों को सांत्वना देने के लिए स्थानीय नेता और गणमान्य लोग भी गांव पहुंचे।
गौरतलब है कि गुवाहाटी के सिवान क्षेत्र में ट्रक पलटने से हुए सड़क हादसे में सुरजीत सिंह शहीद हो गए थे। यह सूचना उनके एक साथी ने परिजनों को दी थी। इसके बाद सोमवार शाम को पार्थिव शरीर दिल्ली लाया गया और वहां से ढूकड़ा गांव पहुंचाया गया, जहां मंगलवार दोपहर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शहीद सुरजीत सिंह ने वर्ष 2013 में सशस्त्र सीमा बल जॉइन किया था। वे किसान भंवरलाल सिंह के सबसे बड़े पुत्र थे। उनके दो अन्य भाई अमर सिंह और रमेश कुमार (वीएलडीए) हैं। सुरजीत सिंह ने गांव ढूकड़ा के राजकीय स्कूल से दसवीं कक्षा उत्तीर्ण की थी।

सुरजीत सिंह अपने पीछे पत्नी सीमा रानी और दो पुत्र छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा राहुल दसवीं कक्षा में और छोटा बेटा अश्वनी सातवीं कक्षा में अध्ययनरत है। परिजनों के अनुसार सुरजीत सिंह 20 दिसंबर को 15 दिन की छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटे थे और कुछ ही दिनों बाद उनके शहीद होने का समाचार आया।
गांव में सुरजीत सिंह ने खेल मैदान के लिए विशेष प्रयास किए और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का मार्गदर्शन किया। वे युवाओं को अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और देशभक्ति की सीख देते थे। The Airnews परिवार शहीद को नमन करता है।




