करनाल के स्कूल में 10 छात्राओं से छेड़छाड़:बोलीं- हेडमास्टर बैड टच करता है, कभी किस तो कभी प्राइवेट पार्ट छूता; आरोपी गिरफ्तार
करनाल ( Sahil Kasoon The Airnews) करनाल में एक सरकारी स्कूल में दूसरी से चौथी कक्षा की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। यहां हेडमास्टर ने ही बच्चियों के साथ आते-जाते मौका लगते ही बैड टच किया। इतना ही नहीं, हेडमास्टर उन्हें किस करता था और प्राइवेट पार्ट को भी टच करता था। जिससे छात्राएं परेशान रहने लगीं।
मामले का पता लगने पर परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन व स्कूल में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्राओं की चाइल्ड वेल्फेयर कमेटी (CWC) के सामने काउंसिलिंग करवाई गई। वहीं, पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर के खिलाफ पॉक्सो, एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
खुलासा तब हुआ, जब बच्चियों ने काउंसलिंग के दौरान सीडब्ल्यूसी टीम के सामने पूरी बात बताई। मामला सामने आते ही पुलिस ने हेड मास्टर को हिरासत में लेकर पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की जानकारी देते हुए DSP गोरखपाल राणा ने बताया कि आरोपी हेड मास्टर का नाम दयानंद है और वह जींद के अलेवा गांव का रहने वाला है। जब वह इस स्कूल में पहली बार आया था, तब भी उसने इसी तरह की हरकत की थी। उस समय मामले को समझौते से निपटा दिया गया था। डीएसपी ने बताया कि आरोपी की कैंसर पीड़ित पत्नी की मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद से वह बार-बार इस तरह की हरकतें करता रहा, लेकिन बच्चियां डर के कारण चुप रहती थी। अब शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि अब इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपी हेड मास्टर के खिलाफ पोक्सो एक्ट के साथ-साथ एससी एक्ट भी लगाया गया है। केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा, ताकि बच्चियों को जल्द न्याय मिल सके।





