loader image
Latest:
Tuesday, February 3, 2026

करनाल में रोडवेज बस ने बाइक सवार कुचले:दो युवकों की मौत, ड्राइवर फरार, गुस्साई भीड़ ने सड़क पर किया हंगामा

करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी। हादसे में मरने वाले दोनों युवकों की पहचान हो गई है। बता दें कि रविवार देर शाम को घरौंडा फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और बस की चपेट में आ गए। बस का पिछला पहिया दोनों को रौंदते हुए निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बवाल काटा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल भिजवाया। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए जाएंगे।

घरौंडा अस्पताल में मौजूद मृतकों के परिजन।
घरौंडा अस्पताल में मौजूद मृतकों के परिजन।

अलीपुर खालसा की फैक्ट्री में करते थे काम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान यूपी के बडौत के गांव टांडा के 20 वर्षीय सचिन उर्फ धर्मेंद्र पुत्र प्रेम सिंह और पानीपत जिले के गांव गढ़ सरनाई निवासी 28 वर्षीय इंद्र कुमार पुत्र कृष्ण के रूप में हुई है। सचिन उर्फ धर्मेंद्र अविवाहित था, जबकि इंद्र कुमार दो बेटियों का पिता था। दोनों युवक अलीपुर खालसा स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे।

रविवार को दोनों करनाल किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए आए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

घरौंडा अस्पताल में मृतकों के शव।
घरौंडा अस्पताल में मृतकों के शव।

करनाल से पानीपत जा रहे थे

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक बाइक पर सवार दो युवक करनाल की ओर से पानीपत की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे घरौंडा में फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही रोहतक डिपो की हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके लगा जाम।
हादसे के बाद मौके लगा जाम।

बस के पिछले पहिये ने रौंदा

सड़क पर गिरते ही दोनों युवक बस के नीचे आ गए। बस का पिछला पहिया दोनों के ऊपर से गुजर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस हादसे के बाद करीब 100 मीटर आगे जाकर रुकी। इसके बाद ड्राइवर बस को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मौके पर मौजूद लोग जमकर हंगामा करते हुए।
मौके पर मौजूद लोग जमकर हंगामा करते हुए।

हादसे पर भड़की भीड़, सर्विस रोड पर जाम

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। बस बीच सड़क पर खड़ी रहने से सर्विस रोड पर लंबा जाम लग गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया गया।

गुस्सांए लोगों ने तोड़े हरियाणा रोडवेज की बस के शीशे।
गुस्सांए लोगों ने तोड़े हरियाणा रोडवेज की बस के शीशे।

कब्जे में बस, ड्राइवर की तलाश जारी

मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी उमेश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसे में सचिन उर्फ धर्मेंद्र और इंद्र कुमार की मौत हुई है। हरियाणा रोडवेज की बस को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!