loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

करनाल: संपत्ति विवाद में बेटे ने की माता-पिता की हत्या, ड्रिल से गोदकर दी दर्दनाक मौत

करनाल: संपत्ति विवाद में बेटे ने की माता-पिता की हत्या, ड्रिल से गोदकर दी दर्दनाक मौत

(PARVEEN BHARDWAJ ) करनाल जिले के कमालपुर रोड़ान गांव में लापता हुए दंपती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। दंपती की हत्या उनके ही बेटे हिम्मत सिंह ने संपत्ति विवाद के चलते कर दी। इस निर्मम हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपी ने अपने माता-पिता को ड्रिल से गोद दिया और शवों को गगसीना के पास नहर में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हिम्मत सिंह का अपने पिता महेंद्र सिंह से संपत्ति को लेकर विवाद था। महेंद्र सिंह ने इस संबंध में अदालत में केस भी दायर कर रखा था। इसी रंजिश के चलते हिम्मत ने 13-14 मार्च की मध्यरात्रि में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

नींद में सो रहे माता-पिता को बनाया शिकार

होली की रात जब माता-पिता गहरी नींद में थे, तब आरोपी ने पहले अपने पिता महेंद्र सिंह के सिर, गर्दन और दिल पर ड्रिल चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मां बाला देवी वहां पहुंची, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से मां के सिर पर भी ड्रिल चला दी और उनकी भी हत्या कर दी।

शवों को नहर में फेंककर दिया सबूत मिटाने का प्रयास

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने माता-पिता के शवों को गाड़ी में डालकर गगसीना के पास पश्चिमी यमुना नहर में फेंक दिया। 16 मार्च को पानीपत में बाला देवी का शव मिल चुका है, जबकि महेंद्र सिंह के शव की तलाश अभी जारी है।

घर में खून के निशान से हुआ वारदात का खुलासा

15 मार्च को मृतक महेंद्र सिंह के भाई जरनैल सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पड़ोसियों से जानकारी मिलने के बाद जब उन्होंने घर जाकर देखा तो बाहर गेट पर ताला लगा था और आंगन में खून के निशान मिले थे। इसके आधार पर थाना इंद्री पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीआईए-2 पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करनाल की सीआईए-2 पुलिस टीम ने हिम्मत सिंह को गांव उचाना से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!