कुरुक्षेत्र पहुंचे राहुल गांधी:हरियाणा-उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे, इनके परिवारों से भी बातचीत करेंगे

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज (21 जनवरी) हरियाणा दौरे पर हैं। सुबह 10:20 बजे अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर उनका प्लेन लैंड हुआ, जहां कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां वे पंजाबी धर्मशाला में चल रहे ‘संगठन सृजन अभियान’ के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे हैं। यहां उन्होंने सबसे पहले हरियाणा और उत्तराखंड के कांग्रेस जिला अध्यक्षों के परिवारों से मुलाकात की। अब राहुल जिला अध्यक्षों को बंद हॉल में ट्रेनिंग दे रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेनिंग में जिला अध्यक्षों के अलावा किसी नेता को नहीं जाने दिया गया। नेता अलग कमरे में बैठे हैं। धर्मशाला में राव नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा, सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला समेत विधायक और सांसद भी मौजूद हैं। ट्रेनिंग कैंप के बाद राहुल गांधी शाम को कुरुक्षेत्र में ही ब्रह्मसरोवर पर आयोजित आरती में भी शामिल हो सकते हैं। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राहुल गांधी के दौरे की 3 तस्वीरें…



मीडिया को कैंप में एंट्री नहीं ट्रेनिंग कैंप में केवल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों और कार्यकारिणी सदस्यों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। मीडिया को इस कार्यक्रम से दूर रखा गया है। राहुल गांधी के काफिले में शामिल केवल तीन गाड़ियां ही धर्मशाला के अंदर जा सकीं, बाकी वाहनों को धर्मशाला के प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया गया।
राहुल गांधी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने भी कड़े इंतजाम किए हैं। पंजाबी धर्मशाला की ओर जाने वाली सड़क पर तीन स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। ASP प्रतीक गहलोत के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात है।

राव नरेंद्र सिंह बोले- संगठन को मजबूत करेंगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा और उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों के लिए कुरुक्षेत्र एक केंद्रीय स्थान है, इसलिए हमने ट्रेनिंग के लिए इसे चुना। 13 जनवरी को शुरू हुआ यह कैंप 22 जनवरी तक चलेगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग दे रहे हैं।
कैंप का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और चुनाव लड़ने की राजनीति सिखाना है। इसमें हरियाणा के 32 और उत्तराखंड के 27 कांग्रेस जिला अध्यक्ष, उनके साथ-साथ राज्यों के प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता भी शामिल हो रहे हैं।

पिछले साल 4 जून को आए थे राहुल राहुल गांधी ने पिछले साल 4 जून को चंडीगढ़ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के तहत राज्य के नेताओं और ऑब्जर्वरों की मीटिंग ली थी। उस समय तक हरियाणा में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हुई थी। राहुल गांधी ने मीटिंग में कहा था कि संगठन बनाते समय किसी नेता की सिफारिश नहीं चलेगी।
राहुल गांधी के दौरे के बाद 12 अगस्त को कांग्रेस ने 32 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। इसके बाद, 29 सितंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया गया। उदयभान की जगह पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।




