loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

कुरुक्षेत्र में पुलिस एनकाउंटर में 2 बदमाश घायल, तीसरे ने किया सरेंडर: बड़ी वारदात की फिराक में थे, हथियार बरामद

 कुरुक्षेत्र (Sahil Kasoon The AirNews) दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर उमरी और समाना बाहू गांव के बीच देर रात CIA-1 टीम और तीन बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस कार्रवाई में दो बदमाशों — सुनील कुमार और अमोश — की टांग में गोली लगी, जबकि तीसरे बदमाश शिवम (निवासी घरौंडा, करनाल) ने सरेंडर कर दिया। घायल बदमाश पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे CIA-1 टीम गश्त के दौरान हाईवे पर थी, तभी सूचना मिली कि तीन बदमाश बाइक पर करनाल से कुरुक्षेत्र की ओर किसी बड़ी वारदात के इरादे से आ रहे हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और निगरानी शुरू कर दी।

जैसे ही पुलिस ने बाइक पर तीनों को रोकने की कोशिश की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हुए और तीसरे को बिना चोट के काबू कर लिया गया।

बदमाशों के कब्जे से एक बाइक, 2 देसी पिस्टल (32 बोर), 2 देसी कट्टे (315 बोर) और 16 कारतूस बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी कुरुक्षेत्र में हत्या की योजना बना रहे थे। फिलहाल घायल बदमाशों का इलाज LNJP अस्पताल में चल रहा है और नेटवर्क की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!