कैथल में आज हैड कॉन्स्टेबल के साथियों से होगी पूछताछ:सुनील ने DSP पर लगाया है फंसाने की धमकी का आरोप; पुलिस कर रही जांच
कैथल में हरियाणा पुलिस के कर्मचारी सुनील संधू द्वारा सोशल मीडिया पर की गई भावुक पोस्ट के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आज सुनील संधू के साथ नशा मुक्ति टीम में शामिल अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी।
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या सुनील संधू ने वास्तव में नशा तस्करों की जानकारी किसी को दी थी और उनकी पोस्ट में किए गए आरोपों की सच्चाई क्या है। डीएसपी गुहला कुलदीप बेनीवाल इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
सुनील संधू ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने डीएसपी कलायत ललित यादव पर गंभीर आरोप लगाए। पोस्ट में उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
पोस्ट में सुनील संधू ने अपने परिवार का जिक्र करते हुए लिखा कि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं और वे इस पूरे घटनाक्रम से काफी तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सेवा काल में कभी रिश्वत नहीं ली और न ही किसी का बुरा चाहा। उन्होंने लिखा कि वे सच का साथ दे रहे हैं और किसी के दबाव में झूठ नहीं बोल सकते।
संधू ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की और कहा कि वे हमेशा नशा बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाते रहे हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि यदि उनसे कभी किसी का दिल दुखा हो तो उन्हें माफ किया जाए।
सुनील संधू की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है। कई लोगों ने उनकी पोस्ट पर चिंता जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
डीएसपी गुहला कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। नशा मुक्ति टीम के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुनील संधू ने किन परिस्थितियों में यह पोस्ट की और उनके आरोपों में कितनी सच्चाई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




