कैथल में थाने-चौकियों में प्राइवेट वाहनों की एंट्री बंद, गणतंत्र दिवस तक लागू रहेगा आदेश
कैथल में गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों में अब अगले एक सप्ताह तक प्राइवेट वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। यह नियम 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस तक लागू रहेगा। इस संबंध में कैथल एसपी उपासना ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
एसपी उपासना ने बताया कि थाने या चौकी में किसी भी काम से आने वाले आम नागरिकों को अपने वाहन बाहर ही पार्क करने होंगे। पुलिस कर्मचारियों के निजी वाहनों को भी जांच और पहचान के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो।
गणतंत्र दिवस को देखते हुए पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच अभियान तेज कर दिया है। जिले की धर्मशालाओं, होटलों, बैंक्वेट हॉल और अन्य सार्वजनिक जगहों पर लगातार छापेमारी कर जांच की जा रही है, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति कहीं छिपा न हो। इसके साथ ही अवैध असलहे की जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कैथल जिले में कुल 14 थाने और 9 पुलिस चौकियां हैं। सभी जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और एसएचओ व चौकी इंचार्ज को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं कि प्राइवेट वाहनों को थाने या चौकी परिसर में प्रवेश न दिया जाए।
एसपी उपासना ने साफ कहा कि गणतंत्र दिवस पर किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और जिलेभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।




