loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

कैथल में बुजुर्ग महिला से जेवर लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, ई-रिक्शा में दिया था वारदात को अंजाम


कैथल जिले में बुजुर्ग महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने ई-रिक्शा में लिफ्ट देने के बहाने महिला से जेवर लूटने वाले तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों ने महिला को चाकू दिखाकर धमकाया और सोने के गहने लूटकर फरार हो गए थे।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुभाष नगर कैथल निवासी रविंद्र, सीवन निवासी अजय और आशु के रूप में हुई है। गांव देवीगढ़ निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 जनवरी को उनकी 75 वर्षीय माता सोना देवी खेत से घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के सरकारी स्कूल के पास एक युवक ई-रिक्शा लेकर आया और घर छोड़ने का झांसा देकर उन्हें बैठा लिया।

करीब 200 मीटर चलने के बाद रास्ते में दो अन्य युवक भी ई-रिक्शा में सवार हो गए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने महिला को इधर-उधर घुमाना शुरू कर दिया। जब बुजुर्ग महिला ने नीचे उतरने की कोशिश की तो आरोपियों ने रिक्शा नहीं रोका।

आरोप है कि एक आरोपी ने महिला का मुंह दबा लिया, दूसरे ने टांग पकड़ ली और तीसरे ने चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के कानों की सोने की बालियां और गले में पहना हुआ सोने का ओम छीन लिया। वारदात के बाद महिला को कुतुबपुर रोड स्थित रेलवे फाटक के पास ई-रिक्शा से धक्का देकर नीचे फेंक दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि लूटे गए सोने के आभूषण सीवन स्थित एक प्राइवेट बैंक में जमा करवा दिए गए थे।

पुलिस ने संबंधित बैंक को नोटिस जारी कर दिया है और नियमानुसार कार्रवाई के तहत आभूषणों की बरामदगी की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने इससे पहले भी ऐसी किसी वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!