कैथल में सूटकेस में मिला युवती का शव:मौके पर पहुंची पुलिस टीमें, 25 साल के करीब आयु
हरियाणा के कैथल में मंगलवार को नाले से एक नीले रंग के सूटकेस में महिला का शव बरामद हुआ है। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। सूटकेस को नाले में कुत्ते खींच रहे थे। यह देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस की टीम और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या कर शव को सूटकेस में रखा गया होगा। इसके बाद इसे ड्रेन में फेंका गया है।
पुलिस के मुताबिक, शव कई दिन पुराना लग रहा है। पानी में रहने के चलते बॉडी फूल गई है और कुछ अंग गल भी गए हैं। अभी मौत के कारणों का पता भी नहीं चल सका है। शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह सूटकेस मंगलवार शाम करीब 4 बजे गांव शीला खेड़ा के किसानों ने देखा। सूटकेस को ड्रेन में कुत्ते खींच रहे थे। ड्रेन के पास ही किसानों के डेरे बने हुए हैं। उन डेरों से किसान जब शहर की ओर जा रहे थे, उसी समय उनकी नजर सूटकेस पर पड़ी।
किसानों ने पुलिस को बताया है कि जब उन्होंने सूटकेस के पास जाकर देखा तो उससे बदबू आ रही थी। इसके बाद उन्होंने कुत्तों को भगाया और सूटकेस को अपने कब्जे में लिया। जब उसे खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव था। इसके बाद किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सिटी थाने की SHO गीता ने बताया है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव की मौके पर ही प्रारंभिक जांच करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था।
पुलिस के अनुसार, अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की आयु करीब 30 वर्ष है। उसके गले पर रस्सी जैसे निशान भी मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी गला घोटकर हत्या की गई है। इसके बाद उसके शव को सूटकेस में रखकर नाले में फेंका गया है।
SHO का कहना है कि सूटकेस से शव के अलावा महिला की 2 अन्य ड्रेस भी मिले हैं। मृतका के हाथ पर टैटू भी बना हुआ है, जिससे पहचान का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया अनुमान है कि यह किसी प्रवासी महिला का शव है। शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।
SHO बताती हैं कि शव को पहचान होने तक अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा जाएगा। यदि पहचान नहीं हो पाई तो उसका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। फिलहाल शव मिलने की जानकारी आसपास के थानों में भी दे दी गई है। जो भी सूचना मिलेगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मौके के PHOTOS…









