loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

कैथल में हुआ नशे के खिलाफ महाकुंभ:पंच-सरपंच बने मास्टर ट्रेनर, नशे के खिलाफ लोगों को करेंगे जागरूक

कैथल ( अमित दलाल )

पुलिस लाइन कैथल में आयोजित नशा विरोधी महाकुंभ में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचों और सरपंचों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को मजबूत करना और समुदाय में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना था।

नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान के तहत, राज्य सरकार ने ‘नशा मुक्त हरियाणा’ ऐप लॉन्च किया है, जो लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान करता है और नशा मुक्ति केंद्रों से संपर्क स्थापित करने में सहायता करता है। इस ऐप के माध्यम से, मास्टर ट्रेनर्स को जोड़ा जा रहा है, जो समुदाय में नशा विरोधी संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान में जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह ने विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और कड़ी कानूनी कार्रवाइयों के माध्यम से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। इन प्रयासों में सरकारी विभागों, समुदायों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी शामिल है।

गानों के माध्यम से दिया नशा न करने का संदेश

नशे के खिलाफ महाकुंभ दौरान हरियाणवी लोकगायक कर्मवीर फौजी, सुरेंद्र रोमियो, अनिल धनौरी ने अपने गीतों के माध्यम से नशे के खिलाफ संदेश देते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने का आह्वान किया। इसके साथ साथ कार्यक्रम में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली गांव कोटड़ा निवासी 8 वर्षीय बच्ची रीत बनवाला ने अपने नशे के खिलाफ अभिभाषण से सभी को नश न करने का संदेश दिया।

टीमें कर रही जागरूक

एसपी राजेश कालिया ने कहा कि हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए पिछले काफी लंबे समय से मुहिम चलाई जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार गांव-गांव जाकर जिला वासियों को नशा न करने बारे जागरूक कर रही हैं। एसपी ने कहा कि नशे जैसी बुराई से बच्चों को बचाने के लिए उनके अभिभावकों सहित पूरे समाज को जागरूक होना पडे़गा। इस दौरान मौजूद सभी ने शपथ ली कि समाज काे नशा मुक्त बनाने में अपना योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!