loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

कैथल में ASI के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज: दुष्कर्म केस से नाम हटाने के लिए मांगे 40 हजार, वॉयस रिकॉर्डिंग बनी सबूत

कैथल में ASI के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज: दुष्कर्म केस से नाम हटाने के लिए मांगे 40 हजार, वॉयस रिकॉर्डिंग बनी सबूत

कैथल (PARVEEN BHARDWAJ ) एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कैथल सिविल लाइन थाना में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जगभान के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने दुष्कर्म केस से आरोपी के परिवार के सदस्यों के नाम हटाने के लिए 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने इस बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया, जो अब मुख्य सबूत के रूप में पेश की गई है।

कैसे हुआ मामला उजागर?

प्रदीप कुमार नामक व्यक्ति के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में महिला ने प्रदीप के साथ उसकी मां, बहन और जीजा को भी आरोपी बनाया। इस केस की जांच ASI जगभान कर रहे थे।

शिकायतकर्ता प्रदीप के अनुसार, ASI जगभान ने उनसे 50 हजार रुपए की मांग की थी, जो 40 हजार में तय हुई। प्रदीप ने बातचीत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत कर दी।

ACB ने बिछाया जाल, लेकिन आरोपी बच निकला

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। हालांकि, जानकारी लीक होने के कारण ASI जगभान मौके से बच निकलने में सफल रहे। इसके बावजूद, वॉयस रिकॉर्डिंग के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

FIR दर्ज, जांच जारी

एएसआई जगभान के खिलाफ अंबाला स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो थाने में एफआईआर नंबर 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने कहा, “पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। सभी सबूतों की पुष्टि के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

पहले से ही सस्पेंड था ASI जगभान

सूत्रों के अनुसार, ASI जगभान पहले से ही एक अन्य मामले में सस्पेंड चल रहे थे। अब रिश्वतखोरी का दूसरा मामला दर्ज होने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस महकमे में इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!