खेतों से सामान चुराने वाला गिरोह गिरफ्तार: 5 वारदातों का खुलासा, चोरीशुदा पिकअप व बाइक सहित बड़ी बरामदगी
कैथल, 20 जुलाई (Sahil Kasoon The Airnews) एसपी आस्था मोदी के निर्देश पर एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। खेतों से रात के समय चोरी करने वाले दो सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 5 मामलों को सुलझा लिया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरीशुदा सामान और वाहन बरामद किए गए हैं।पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने जानकारी देते हुए बताया कि खरक पांडवा निवासी गजे सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 10 जुलाई की रात सजुमा रोड पर स्थित उसके खेत कोठा से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 10 कट्टे यूरिया, 12 कट्टे डीएपी, फीता, गैस सिलेंडर-चूल्हा, दो चारपाई और एक पंखा चोरी कर लिया गया।इस मामले में थाना कलायत में एफआईआर दर्ज की गई थी। खेतों में हो रही लगातार चोरियों के मद्देनजर एसपी आस्था मोदी ने सख्त निर्देश जारी करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ को शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए।एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में गठित टीम ने करनाल रोड कैथल से दो आरोपियों — जिला जींद के गांव शाहपुर निवासी प्रदीप कुमार और सीवन निवासी शमशेर सिंह उर्फ बबलू — को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने 5 चोरी की वारदातें कबूली हैं।
सुलझाई गई वारदातें
-
गांव दिवाल निवासी नरेश के खेत कोठा से सिलेंडर-चूल्हा, डीजल, पंखा, 35 लीटर दवाई, बैटरी, 40 फुट तार चोरी (थाना सदर)।
-
सजुमा निवासी जयपाल के खेत से गैस सिलेंडर, चूल्हा और मोबाइल फोन चोरी (थाना कलायत)।
-
नरड़ निवासी रामचंद्र के खेत से 10 फुट तार, 10 कट्टे यूरिया, फराटा, स्प्रे की टंकी और दवाइयां चोरी (थाना तितरम)।
-
गांव बिजना (जिला करनाल) निवासी रिंकू की बाइक चोरी (थाना सदर करनाल)।
बरामदगी
– वारदात में प्रयोग की गई पिकअप गाड़ी
– 32 कट्टे यूरिया
– 3 गैस सिलेंडर
– एक चोरीशुदा बाइक
– 2 पंखे
– लगभग 50 फुट बिजली की तार
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पुराने दोस्त हैं और मिलकर रात के समय सड़कों के किनारे स्थित खेतों के कोठों को अपना निशाना बनाते थे। दोनों पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




