loader image
Latest:
Tuesday, February 3, 2026

गुरुग्राम में 13 स्कूलों को उड़ाने की धमकी:ईमेल में बम रखने की सूचना दी; बच्चों को बाहर निकाला, पुलिस और रेस्क्यू टीमें पहुंची

हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में 13 बड़े और प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एहतियात के तौर पर स्कूलों में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। बच्चों को भी सुरक्षा के हिसाब से बाहर निकाला जा रहा है।

गुरुग्राम में जिन 13 बड़े स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें कुंसकपालन स्कूल (DLF फेज-1), लैंसर्स स्कूल (सेक्टर-53) और हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल (सेक्टर-64), बादशाहपुर स्थित पाथवे वर्ल्ड, शिव नादर स्कूल डीएलएफ फेज -1, श्री राम अरावली स्कूल, मानव रचना सेक्टर 50, मानव रचना सेक्टर 46 , लोट्स वैली, शेरवुड कॉन्वेंट स्कूल, यूरो इंटरनेशनल स्कूल, स्कॉटिश हाई स्कूल और शालोम हिल्स इंटरनेशनल स्कूल के नाम शामिल हैं। स्कूलों को बम धमकी वाला ईमेल मिला है।

गुरुग्राम में निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जांच करते पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम।
गुरुग्राम में निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जांच करते पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम।

अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर है। छात्रों-स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सावधानियां बरती जा रही हैं। जांच जारी है।

गुरुग्राम में 13 प्रमुख निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जांच करते अधिकारी।
गुरुग्राम में 13 प्रमुख निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जांच करते अधिकारी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए। SDRF की टीम भी शहर भर में सहायता के लिए बुलाई गई है और जांच कार्य में जुटी हुई है। सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

गुरुग्राम में स्कूलों में बम की धमकी के बाद पुलिस अधिकारी डॉग स्क्वायड के साथ जांच करते हुए।
गुरुग्राम में स्कूलों में बम की धमकी के बाद पुलिस अधिकारी डॉग स्क्वायड के साथ जांच करते हुए।

सभी स्कूलों के प्रबंधन की तरफ से बताया गया है कि सुबह के समय उन्हें ई मेल के माध्यम से धमकी मिली है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस धमकी का पता उस समय चला जब बच्चों का स्कूल आने का समय हो गया था। पुलिस के अनुसार अलग-अलग स्कूलों के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए, जिनमें स्कूल परिसरों में बम लगाए जाने का दावा किया गया था।

पेरेंट्स को मैसेज भेजा

बसें बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचने लगी थी। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन की तरफ से पेरेंट्स को मैसेज भेजा गया कि वे अभी बच्चों को स्कूल न भेजें। जो बच्चे स्कूल में आ चुके हैं, उन्हें बाहर भेजा गया।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सुबह के समय कुछ स्कूलों में बम होने संबंधी एक ई-मेल प्राप्त हुई थी। जिसके पश्चात पुलिस द्वारा तत्काल सतर्कता बरतते हुए आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल स्क्वॉड तथा अन्य विशेष पुलिस टीमों को स्कूलों में रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित स्कूल परिसरों को खाली कराया गया तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। पुलिस टीमों द्वारा स्कूल परिसरों, कक्षाओं, भवनों एवं आसपास के क्षेत्रों की गहनता से जांच की गई। अब तक की जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई है।

गुरुग्राम में बम की धमकी मिलने के बाद खाली पड़ा डीएलएफ फेस एक का कुंसकपालन स्कूल।
गुरुग्राम में बम की धमकी मिलने के बाद खाली पड़ा डीएलएफ फेस एक का कुंसकपालन स्कूल।

पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ई-मेल की सत्यता, उसके स्रोत तथा भेजने वाले की पहचान को लेकर साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है।

पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अभिभावकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!