loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

जन स्वास्थ्य विभाग में टेंडर घोटाला: 42 अधिकारी-कर्मचारी चार्जशीट, मंत्री रणबीर गंगवा ने दिए सख्त आदेश

The Airnews | Amit Dalal

चंडीगढ़, 13 जुलाई 2025
हरियाणा सरकार के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने विभाग में हुए टेंडर घोटाले पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहतक जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 42 अधिकारियों और कर्मचारियों को चार्जशीट कर दिया है। अब इन सभी पर विभागीय जांच की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

रोहतक जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में पिछले कुछ समय से विकास कार्यों के टेंडर में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें सरकार तक पहुंच रही थीं। कहा जा रहा था कि नियमों को ताक पर रखकर सिविल कार्यों के टेंडर अवैध रूप से जारी किए जा रहे हैं। मंत्री रणबीर गंगवा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इसकी जांच के आदेश दिए। जांच में सामने आया कि वर्क ऑर्डर बिना ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया के जारी किए गए और अवैध रूप से “आपातकालीन कार्य” घोषित कर ऑफलाइन कोटेशन के आधार पर ठेके दिए गए।

जांच में क्या सामने आया?

  • नियमों की अवहेलना कर विकास कार्यों के वर्क ऑर्डर सीधे ऑफलाइन तरीके से जारी किए गए।

  • एक ही दिन में कुछ ठेकेदारों को 10 से अधिक कार्य सौंपे गए, सभी कार्यों की लागत कार्य सीमा के पास-पास थी।

  • टेंडर को जानबूझकर छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर नियमों से बचने की कोशिश की गई।

  • रोहतक, सांपला, महम सहित कई सब-डिवीजन इस घोटाले में शामिल पाए गए।

  • जिन अधिकारियों के कार्यकाल में यह अनियमितताएं हुईं, उन्हीं के समय में अचानक ऑफलाइन वर्क ऑर्डर का चलन बढ़ा, जबकि पहले ऐसा नहीं था।

अब क्या होगी कार्रवाई?

मंत्री रणबीर गंगवा ने साफ शब्दों में कहा:

“जो भी अधिकारी-कर्मचारी इस गड़बड़ी में संलिप्त हैं, उन पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सेवानिवृत्त हो चुके अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा – उनके खिलाफ पेंशन नियमों के तहत कार्रवाई होगी।”

इसके अलावा उन्होंने टेंडर प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने के निर्देश भी दे दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गड़बड़ियों की पुनरावृत्ति न हो।


#RanbirGangwa #HaryanaTenderScam #RohtakNews #PublicHealthDept #TenderCorruption #TheAirnews #TheAirnewsHaryana #PWDScam #HaryanaNews #BreakingNews #TenderFraud

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!