loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

जींद का जवान पश्चिम बंगाल में शहीद:आज दोपहर सुलहेड़ा पहुंचेगा पार्थिव शरीर; प्रशिक्षण के दौरान हादसा

जींद जिले के नरवाना उपमंडल के गांव सुलहेड़ा के जवान मनीष कुमार देश सेवा के दौरान शहीद हो गए। पश्चिम बंगाल में प्रशिक्षण के दौरान हुए एक हादसे में 31 वर्षीय मनीष कुमार की मृत्यु हो गई। उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद गांव सुलहेड़ा लाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव में छाया मातम, हर आंख नम शहादत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूरे इलाके में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि मनीष कुमार की शहादत ने पूरे क्षेत्र को गर्व और गम दोनों से भर दिया है। किसान परिवार से थे मनीष, छोटे भाई की भी फौज में जाने की तैयारी शहीद मनीष कुमार के पिता जगदीश सिंह किसान हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। मनीष परिवार के बड़े बेटे थे और उनके छोटे भाई सोनू फौज में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। बेटे की शहादत की खबर सुनकर परिवार गहरे सदमे में है। टीए बटालियन से डीएसई तक का सफर मनीष कुमार पहले आर्मी की टीए बटालियन में सेवाएं दे चुके थे। इसके बाद उन्होंने डीएसई बटालियन ज्वाइन की थी। जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित थे मनीष कुमार शहीद मनीष कुमार विवाहित थे, हालांकि उनकी कोई संतान नहीं है। परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि मनीष शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत थे। वे हमेशा देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा रखते थे। गांव में उमड़ेगा जनसैलाब, शोक सभा का आयोजन पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठन और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। शहीद के सम्मान में गांव में शोक सभा का आयोजन किया जाएगा। सभी ने शहीद मनीष कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!