loader image
Saturday, November 8, 2025

जींद के BSF जवान का गुजरात में निधन: सैन्य सम्मान के साथ गांव में अंतिम संस्कार, छह दिन पहले ही गए थे ड्यूटी पर

 जींद ( Sahil Kasoon The Airnews) जिले के उझाना गांव के रहने वाले BSF सब-इंस्पेक्टर शमशेर सिंह का गुजरात में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहाँ सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान BSF की टुकड़ी ने सलामी दी और मातमी धुन बजाई गई।

21 अगस्त की रात शमशेर सिंह को हार्ट अटैक आया था। उन्हें आर्मी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

शमशेर सिंह ने 1990 में BSF में कांस्टेबल के पद पर भर्ती होकर सेवा शुरू की थी। जम्मू-कश्मीर समेत कई सीमाओं पर ड्यूटी निभाने के बाद इस समय उनकी तैनाती गुजरात के दंतीवाड़ा में थी। वे एक माह की छुट्टी बिताकर 17 अगस्त को ही ड्यूटी पर लौटे थे।

शमशेर सिंह की अंतिम बातचीत 19 अगस्त को अपने भाई से हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह सुरक्षित पहुंच गए हैं। बार्डर क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या होने के कारण उसके बाद संपर्क नहीं हो पाया।

शमशेर सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा अनिल प्राइवेट काम करता है, जबकि छोटा बेटा जोनी पढ़ाई कर रहा है।

शनिवार सुबह करीब 8 बजे जब BSF जवान पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे तो वातावरण गमगीन हो उठा। करीब 9 बजे बेटे अनिल ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस मौके पर BSF की तरफ से इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने शमशेर सिंह के बेटे को तिरंगा सौंपा। हरियाणा पुलिस की ओर से गढ़ी थाना प्रभारी मनोज कुमार व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!