जींद में विवाहित महिला पर अत्याचार: चाय में मिला कर जहर देने का आरोप, पति ने बनाई अश्लील वीडियो
जींद | 18 May | Sahil Kasoon
हरियाणा के जींद जिले के उचाना थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला ने अपने पति, सास और जेठानी पर अत्याचार और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, हत्या के प्रयास, IT एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
पिल्लूखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी जुलाई 2022 में सचिन नामक युवक से हुई थी। शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति और ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। महिला के अनुसार, एक महीने के अंदर ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
चाय में मिला कर दी जहर देने की कोशिश
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति, सास और जेठानी ने उसे चाय में जहर मिलाकर जान से मारने की कोशिश की। यही नहीं, पति ने उसके साथ संबंध बनाते समय उसकी अश्लील वीडियो बनाई और बाद में उसे वायरल करने की धमकी दी।
बदनाम करने के लिए एडिट की गई फोटो
पीड़िता का कहना है कि पति और ससुराल वालों ने उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ एडिटेड फोटो तैयार कर सोशल तौर पर उसे बदनाम करने की साजिश रची। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति अपनी ही जेठानी के साथ गलत संबंध रखता है। जब उसने यह बात सास को बताई तो सास ने धमकी दी कि अगर तूने चुप नहीं रही तो तेरे ही हाथों से सुसाइड नोट लिखवाकर तुझे मार देंगे।
पहले भी दी थी शिकायत
महिला ने बताया कि उसने 14 अक्टूबर 2023 को महिला थाना पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन उस समय पंचायती स्तर पर समझौता करा दिया गया था और आगे झगड़ा नहीं करने की बात कही गई थी। लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला और उत्पीड़न लगातार बढ़ता गया।
पुलिस जांच में जुटी
उचाना थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति, सास और जेठानी के खिलाफ IPC की कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।