जींद में सोते वक्त परिवार पर फायरिंग, दो बहनों को लगी गोली; हालत गंभीर


जींद (Sahil Kasoon The Airnews) जींद जिले की सफीदों आदर्श कॉलोनी में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने घर के अंदर सो रहे परिवार पर फायरिंग कर दी। इस घटना में दो सगी बहनों को गोलियां लगीं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों बहनों को तुरंत रोहतक PGI रेफर किया गया है।
परिवार के अनुसार, रात करीब 1 बजे फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब घरवाले उठे तो देखा कि तरनुम (13 साल) को छाती में और जसमीन (10 साल) को हाथ में गोली लगी हुई थी। दोनों बहनें खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही आरोपियों का परिवार से झगड़ा हुआ था, जिसमें उन्होंने लड़कियों के पिता नौशाद के हाथ-पैर तोड़ दिए थे। इस मामले की शिकायत पुलिस को दी गई थी। उसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया है।
हमलावर घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर आए और लोहे के फ्रेम में लगे प्लास्टिक को तोड़कर पिस्तौल अंदर घुसाकर गोली चलाई।
लड़कियों के दादा नूरहसन ने पुलिस को बताया कि आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे और केस वापस लेने के लिए 3 लाख रुपए की मांग कर रहे थे।
फायरिंग की घटना के बाद फोरेंसिक टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों सोनू, मिता, राहुल, अजय (निवासी सिंघाना) और बीरू, सतीश उर्फ मोनू (निवासी आदर्श कॉलोनी) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



