loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

जींद: रिश्वतखोरी में रंगे हाथ पकड़े गए बिजली ठेकेदार के कर्मचारी की आज कोर्ट में पेशी, एसीबी करेगी पूछताछ

जींद (Sahil Kasoon The Airnews)  भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार शाम एसीबी करनाल की टीम ने बिजली निगम के ठेकेदार कर्मचारी पवन सैनी को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आज बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उससे आगे की पूछताछ की जा सके।

जलालपुर खुर्द निवासी शिकायतकर्ता राजेश ने बताया कि उसने अप्रैल में अपनी पत्नी के नाम से श्याम नगर, पटियाला चौक के पास दो मकानों में बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया था। लेकिन बिजली निगम की ओर से गलती से ये मीटर पड़ोसी संतोष (निवासी गांव बास, हिसार) के मकानों में लगा दिए गए। जब बिल आया तो राजेश को इस गलती का पता चला।

शिकायत के बाद वह बिजली निगम कार्यालय पहुंचा, जहां मीटर लगाने का ठेका श्री सतगुरु इलेक्ट्रिकल्स कंपनी, गांव जुलानी को दिया गया था। कंपनी के कर्मचारी पवन से मिलने पर उसने मीटर बदलने के बदले ₹15,000 की मांग की।

शिकायत मिलते ही ACB करनाल ने पवन को रंगे हाथ पकड़ने के लिए टीम बनाई और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। पवन ने राजेश को झांझ गेट स्थित प्रिंस फूड डेयरी के पास बुलाया। जैसे ही राजेश ने ₹15,000 की रिश्वत दी, ACB की टीम ने तुरंत पवन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि यह भी पता चल सके कि इस भ्रष्टाचार में और कौन-कौन कर्मचारी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!