नारनौल में क्रेटा की स्कूली छात्राओं के टेंपो से टक्कर:12 घायल, 4 की हालत गंभीर; बोलीं- रॉन्ग साइड से आई कार, ड्राइवर नशे में था
हरियाणा के नारनौल में नेशनल हाईवे नंबर-11 पर एक टेंपो और क्रेटा कार की टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सावर 12 लड़कियां घायल हो गईं। इनमें 4 की हालत गंभीर है। सभी को मौके पर मौजूद लोग फौरन सिविल अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
वहीं, कार का ड्राइवर हादसे के बाद मौके पर ही कार छोड़कर भाग गया। घायल लड़कियों ने बताया है कि टेंपो को सर्विस रोड पर रॉन्ग साइड से आकर कारवाले ने टक्कर मारी है। वह नशे में था। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
घायलों के PHOTOS…





पुलिस के अनुसार, नारनौल के गांव डोहर कलां और डोहर खुर्द की छात्राओं के लिए उनके परिजनों ने किराये पर टेंपो किया हुआ है। छात्राएं इस टेंपो में सवार होकर रोजाना स्कूल जाती और आती हैं। गुरुवार को भी ये लड़कियां टेंपो से गोद स्थित स्कूल जा रही थीं। जब इनका टेंपो भांखरी गांव के पास पहुंचा तो सर्विस रोड पर गलत दिशा से आ रही क्रेटा कार ने इन्हें टक्कर मार दी।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। लड़कियां जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। इसके बाद आसपास के लोग दौड़कर टेंपो के पास पहुंचे और छात्राओं को संभाला। इसी बीच क्रेटा का ड्राइवर मौका देखकर भाग निकला। हालांकि, लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
इसके बाद लोगों ने हादसे की सूचना डायल-112 पर फोन कर दी। इसके बाद पुलिस व एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से सभी घायल छात्राओं को नारनौल के सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां सभी का इलाज किया गया। इनमें 3 लड़कियों की हालत गंभीर है।
लोग बोले- नशे में था ड्राइवर हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया है कि कार ड्राइवर नशे में था। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था, लेकिन हादसा होते ही वह घबरा गया और तेजी से गाड़ी छोड़कर भागने लगा। जब तक लोग उसे पकड़ पाते, वह काफी दूर निकल चुका था। इसके बाद लोग ड्राइवर का पीछा छोड़ घायलों को संभालने में जुट गए थे।
अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची गांव डोहर कलां की स्टूडेंट ने बताया कि वे डोहर कलां से स्कूल में जा रहे थे। गांव भांखरी के पास रॉन्ग साइड से गाड़ी वाले ने टक्कर मार दी। टेंपो ड्राइवर की कोई गलती नहीं थी। गाड़ी वाले को पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन वह भाग गया।
ये लोग घायल हुए इस हादसे में अल्का, मोनिका, गायत्री, नीरू, नीतू, ममता, प्रीती, दीपिका, गीता रानी, नेहा, खुशी और एक लड़का मुकेश घायल हुए हैं। ये सभी गांव डोहर की रहने वाले हैं और सभी की उम्र 15 से 17 साल है। इनका सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इनमें अल्का, मोनिका, ममता और प्रीती का हालत गंभीर है। इनके हाथ और पैरों में प्लास्टर लगाए गए हैं। डॉक्टर का कहना है कि बाकियों को थोड़ा आराम करवाने के बाद दोपहर को छुट्टी दे दी जाएगी। इन्हें केवल ऑब्जरवेशन के लिए रखा गया है।





