न्यू ईयर पार्टी के बाद मासूम शर्मा के खिलाफ शिकायत:हिसार में फैन बोला- सेल्फी लेने गया तो आईफोन तोड़ा, गालियां दीं, ऑर्गेनाइजर ने धमकाया

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पर न्यू ईयर की पूर्व संध्या पर हिसार के म्यूजिक नाइट प्रोग्राम में गाली-गलौज और मोबाइल तोड़ने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि सिंगर ने उसका आईफोन छीनकर जमीन पर पटक दिया।
फोन नीचे गिरते ही पूरी तरह से टूट गया। इसके बाद उससे बदसलूकी भी की। विरोध करने पर सिंगर गालियां देने लगा। पीड़ित रिंकू ने आजाद नगर थाने में मासूम शर्मा और आयोजक के खिलाफ शिकायत दी है।
मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत पर कार्रवाई कर रहे हैं। दोनों पक्षों से बात की जा रही है।

नए साल की पूर्व संध्या पर हिसार के तोशाम रोड स्थित ट्यूलिप रिसॉर्ट में भजन संध्या का कार्यक्रम रखा गया था। इसमें ऑर्गेनाइजर सजल जैन ने हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को परफॉर्मेंस के लिए बुलाया था।
मुल्तानी चौक निवासी रिंकू के अनुसार, वह 31 दिसंबर की रात अपने परिवार के साथ शो देखने गया था। रिंकू ने बताया कि कार्यक्रम में पहले तो सब कुछ ठीक चल रहा था। इसके बाद सिंगर प्रोग्राम पूरा होने के बाद वापस जाने लगा।
रिंकू ने बताया कि वहां मौजूद कुछ लोग मासूम शर्मा के साथ फोटो खिंचवा रहे थे। वो भी सेल्फी लेने के लिए सिंगर के पास जाने लगा। इसी दौरान मासूम शर्मा ने उसका फोन (आईफोन) छीनकर जमीन पर फेंक दिया, जिससे फोन पूरी तरह टूट गया।
रिंकू के अनुसार, फोन तोड़ने के बाद मासूम शर्मा ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बदसलूकी की। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने मामला शांत किया। वहीं, इवेंट ऑर्गेनाइजर सजल जैन ने फोन ठीक करवाने के आश्वासन के बाद भी इसे कुछ नहीं किया। पुलिस कार्रवाई न करने का दबाव भी बनाया।

इस ईवेंट में ऑर्गेनाइजर सजल जैन ने प्रोग्राम की टिकटें बेची थी। सिंगर को सुनने के लिए काफी भीड़ आई। इस दौरान मासूम शर्मा ने भजन के साथ अपने मशहूर गाने भी गाए। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब मासूम शर्मा जाने लगे तो भीड़ ने उनको घेर लिया। इसी दौरान सिंगर ने फैन रिंकू का फोन तोड़ दिया।
आजाद नगर थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि देर रात रिंकू ने मासूम शर्मा और सजल जैन के खिलाफ शिकायत दी थी। इस पर हम कार्रवाई कर रहे हैं। दोनों पक्षों से बात की जाएगी। वहीं मामले में आयोजक सजल जैन से बात करनी चाही तो उनको मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला।

इससे पहले भी सिंगर कई बार विवादों घिर चुके हैं। 22 मार्च को गुरुग्राम में एक कॉन्सर्ट के दौरान एक युवक स्टेज पर मासूम शर्मा के साथ सेल्फी लेने पहुंचा था। इस दौरान सिंगर ने उसका कॉलर पकड़कर स्टेज से नीचे उतार दिया था। तब भी सिंगर पर गाली-गलौज के आरोप लगे थे। इसका वीडियो वायरल होने के बाद व्यक्ति ने अपमानित महसूस किया, और सिंगर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी।




