पंचकूला में क्रेच से अपहरण कर बच्चे की हत्या:मां का व्यक्ति के साथ अफेयर; बोरी में मिला शव, आरोपी हिरासत में

हरियाणा के पंचकूला में शनिवार को एक क्रेच से अगवा हुए मासूम बच्चे का अंत बेहद दर्दनाक रहा। पुलिस ने बच्चे का शव सुखोमाजरी बाईपास पुल के नीचे से एक बोरी में बरामद किया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि बच्चे की मां के ही ‘बॉयफ्रेंड’ ने अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आज इस पूरी साजिश का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
क्रेच में पहला ही दिन और मासूम का अंत
डेराबस्सी की रहने वाली लक्ष्मी नाम की महिला का पिंजौर के एक युवक के साथ अफेयर था। 24 जनवरी को लक्ष्मी ने अपने बच्चे को पहली बार सेक्टर-12A के एक क्रेच में छोड़ा था। लेकिन करीब 11 बजे आरोपी युवक वहां पहुंचा और संचालिका को झांसा दिया कि वह बच्चे का पिता है। संचालिका ने मां से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ होने के कारण उसने बिना किसी पहचान के बच्चा आरोपी को सौंप दिया।

महिला जब भी अपने प्रेमी से मिलने पिंजौर जाती थी, तो अपने बच्चे को साथ ले जाती थी। आरोपी को बच्चे का साथ होना पसंद नहीं था और वह इसे अपने रिश्ते में बाधा मानता था। इसी कारण उसने लक्ष्मी पर दबाव बनाकर बच्चे को क्रेच में दाखिल करवाया था।
यह हत्या पूरी तरह सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रही है। करीब 15 दिन पहले आरोपी खुद लक्ष्मी के साथ इस क्रेच की रेकी करने गया था। 24 जनवरी को जैसे ही बच्चे का पहला दिन शुरू हुआ, आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उसे अगवा कर लिया।
क्रेच से बच्चे को लेकर आरोपी ऑटो से पिंजौर की ओर निकल गया। रास्ते में जब मासूम अपनी मां के लिए रोने लगा, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया। हत्या के बाद उसने शव को एक बोरी में भरा और सुखोमाजरी बाईपास पुल के नीचे फेंक कर फरार हो गया।
हिरासत में आने के बाद आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा है। वह दो तरह की कहानियां सुना रहा है…
- पहली कहानी: बच्चा जब रोता था तो उसे गुस्सा आता था, इसलिए उसने बच्चे को रास्ते से हटाने का फैसला किया।
- दूसरी कहानी: वह महिला से पीछा छुड़ाना चाहता था और उसे डराने के लिए बच्चे को अगवा किया, लेकिन रास्ते में रोने पर आपा खो दिया और हत्या कर दी।




