प्लॉट विवाद को लेकर जानलेवा हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 पुलिस द्वारा 7 आरोपी काबू, आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो गाड़ी तथा 5 डंडे बरामद
कैथल, 31 जनवरी – थाना सिविल लाइन कैथल क्षेत्र के अंतर्गत जनकपुरी कॉलोनी में प्लॉट देखने आए एक युवक पर जानलेवा हमला करने व वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 पुलिस ने 7 आरोपियों को काबू कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव हथो जिला जींद निवासी जतिन की शिकायत अनुसार उसके पिता द्वारा वर्ष 2005 में जनकपुरी कॉलोनी कैथल में 311 वर्ग गज का प्लॉट खरीदा गया था। 28 जनवरी को वह अपने साथियों अजय व निर्मल निवासी गुरथली के साथ अपनी थार गाड़ी में उक्त प्लॉट को देखने के लिए गया था। जब वे दोपहर करीब 3 बजे प्लॉट के सामने पहुंचे, तो 6-7 गाड़ियों में सवार करीब 15-20 अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार हमलावरों के हाथों में डंडे व बिंडे थे। एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से जतिन के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे व उसके साथियों को डंडों व बिंडों से गंभीर चोटें मारीं तथा थार गाड़ी के शीशे ईंटों व डंडों से तोड़ दिए। आरोपियों द्वारा जतिन के गले से करीब दो तोला सोने की चेन भी छीन ली गई। जाते समय आरोपियों ने दोबारा प्लॉट पर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद आरोपियों ने जींद रोड बाईपास स्थित रॉयल प्रॉपर्टी कार्यालय में भी तोड़फोड़ की तथा वहां मौजूद रमनदीप निवासी जनकपुरी कॉलोनी के साथ मारपीट की। शिकायत अनुसार यह विवाद उसी गली में स्थित एक अन्य प्लॉट को लेकर चल रहे झगड़े से जुड़ा है, जिसमें अतुल सिंह पक्ष के व्यक्तियों द्वारा हमला किया गया है। जिस बारे थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया। एसपी उपासना के आदेशानुसार उक्त मामले की जांच सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत की अगुवाई में एएसआई सुरेश कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी जिला जींद के गांव धमतान साहिब निवासी अनूप, गांव फुलियां कलां जिला जींद निवासी अनिकेत व राजेश, गांव फुलियां खुर्द जिला जींद निवासी बलराम, जिला जींद के गांव पेगा निवासी संदीप, गांव बडौदा निवासी पवन तथा जिला रोहतक के गांव निडाना निवासी विकास को काबू कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ दौरान खुलासा हुआ की जनकपुरी कॉलोनी कैथल स्थित एक प्लॉट को लेकर उनके साथी सुशील निवासी तारखा जिला जींद व कुलदीप निवासी ढूंढ़वा का मोनू निवासी बढ़सिकरी के साथ लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उक्त प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी थाना सिविल लाईन कैथल में शिकायत दी गई थी तथा 27 जनवरी को इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में थाना परिसर में झगड़ा भी हुआ था, जिसमें पुलिस द्वारा सुशील पक्ष के कुछ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था। 28 जनवरी को कैथल कोर्ट से जमानत मिलने के उपरांत सुशील व कुलदीप ने अपने साथियों को एकत्रित कर डंडे/बिंडे लेकर अलग-अलग गाड़ियों में बैठकर जनकपुरी कॉलोनी स्थित प्लॉट पर पहुंचे, जहां प्लॉट के पास मौजूद युवक पर हमला किया गया तथा उसकी थार गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति उक्त प्लॉट की ओर देखने की हिम्मत न कर सके। इसके उपरांत सभी आरोपी जींद रोड स्थित रॉयल प्रॉपर्टी ऑफिस पहुंचे, जहां विरोधी पक्ष के युवकों के साथ मारपीट कर कार्यालय व वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस द्वारा फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान करके त्वरित कार्रवाई दौरान काबू किया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो व टाटा पंच गाड़ी तथा 5 डंडे बरामद किए गए। अन्य आरोपियों की भी पुख्ता पहचान कर ली गई है, जिन्हे शीघ्र काबू कर लिया जाएगा। सभी आरोपी शनिवार को अदालत में पेश किए जाएगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।




