loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

फरीदाबाद में शराब की लत ने बाप को बनाया हत्यारा: ज़हर मिलाकर बच्चों को पिलाई कोल्डड्रिंक, तीनों की मौत

फरीदाबाद, Sahil Kasoon The Airnews –फरीदाबाद के रोशन नगर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शराबी पिता ने पहले अपने दोनों मासूम बच्चों को ज़हर मिली कोल्डड्रिंक पिलाई और फिर खुद भी वही पीकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में बेटा दिलशाद (12), बेटी सायमा (11) और आरोपी पिता निजाम (34) शामिल हैं।

निजाम बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला था और फरीदाबाद के रोशन नगर में किराए के कमरे में अपने बच्चों के साथ रहता था। वह एक ऑटो चालक था और लंबे समय से शराब की लत का शिकार था। पत्नी खुशी उससे तंग आकर करीब तीन महीने पहले दोनों बच्चों को छोड़कर अपनी बहन के पास लक्कड़पुर चली गई थी।

शनिवार रात (26 जुलाई) को निजाम नशे की हालत में घर लौटा। वह अपने साथ एक कोल्डड्रिंक की बोतल लाया, जिसमें ज़हर मिला हुआ था। उसने पहले बच्चों को कोल्डड्रिंक पिलाई, और फिर खुद भी वही पी लिया।

कुछ ही देर में बच्चों की हालत बिगड़ने लगी, वे बाहर भागे और पड़ोसियों को बताया कि सांस लेने में दिक्कत हो रही है। जब पड़ोसी कमरे में पहुंचे, तो देखा कि निजाम के मुंह से झाग निकल रहा है। तीनों को तुरंत सेक्टर 21 के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, निजाम शराब का लती था और इसी वजह से उसकी पत्नी और रिश्तेदारों से संबंध टूट चुके थे। पड़ोसी भी उससे कतराने लगे थे। अकेलेपन और तनाव में वह और अधिक शराब पीने लगा था।

फिलहाल पुलिस को यह स्पष्ट नहीं है कि कोल्डड्रिंक में कौन सा ज़हर मिलाया गया था। मौके से मिली बोतल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि ज़हर कौन सा था।

पल्ला थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी खुशी की शिकायत पर निजाम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी खुद भी मर चुका है, पुलिस अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है कि कहीं घटना के पीछे कोई और कारण तो नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!