loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

भाजपा शासन में हरियाणा डूबा अपराध की गर्त में: रणदीप सुरजेवाला का सीएम सैनी पर तीखा प्रहार, बोले – सरकार कमजोर, अपराधी ताकतवर

कैथल, 13 जुलाई , Sahil Kasoon The Airnews
— हरियाणा में लगातार बढ़ रहे अपराध, हत्या, धमकी, जबरन वसूली और गैंगस्टर नेटवर्क को लेकर कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यकाल में प्रदेश “अपराध के अमृतकाल” में जी रहा है। उन्होंने यह टिप्पणी कैथल के किसान भवन में जनता की समस्याएं सुनने के दौरान की, जहां उनके साथ विधायक आदित्य सुरजेवाला भी मौजूद थे।

रणदीप सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास गृह विभाग होने के बावजूद हरियाणा में अपराध का ग्राफ बेकाबू है, और इसका सीधा मतलब है कि सैनी इस जिम्मेदारी में नाकाम हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की पूर्ववर्ती सरकारों की तरह मौजूदा सरकार में भी गुंडाराज और माफियाराज जारी है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, हिसार, सिरसा जैसे शहरों में दिनदहाड़े फायरिंग और धमकी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। शराब माफिया और विदेशी गैंगस्टरों की गठजोड़ ने हरियाणा को “जंगलराज” में बदल दिया है। सुरजेवाला ने दावा किया कि भाजपा के संरक्षण में अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि शराब के सरकारी ठेकों की नीलामी तक नहीं होने दे रहे हैं।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मई और जून महीने में ही हत्या, रंगदारी और फायरिंग की 30 से अधिक वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार आंखें मूंदकर बैठी है। उन्होंने याद दिलाया कि 1996 से 1999 के हविपा-भाजपा गठबंधन और 2000-2005 के इनैलो-भाजपा शासन के दौरान भी हरियाणा गुंडों और माफियाओं से शर्मसार हुआ था — और आज वही दौर दोबारा लौट आया है।

सुरजेवाला ने प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 45 से अधिक लापता लोगों के मामलों को बेहद चिंताजनक बताया। पुलिस आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि जनवरी से मई 2025 तक 207 हत्याएं, 91 फिरौती के मामले, और 450 से ज्यादा संगठित अपराध दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई शून्य है और अपराधियों का नेटवर्क और मजबूत होता जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जेलों में बैठे गैंगस्टर हर जिले में अपना गैंग खड़ा कर रहे हैं, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। राज्य में खनन माफिया, ड्रग माफिया, गैंग माफिया और इमिग्रेशन माफिया का बोलबाला है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि उसने हरियाणा को एक अपराधियों और माफियाओं के हब में तब्दील कर दिया है।

रणदीप सुरजेवाला और आदित्य सुरजेवाला ने इस दौरान जनता की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान भी किया और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!