भिवानी में निर्माणाधीन बिल्डिंग का लेंटर गिरा, 5 मजदूर दबे; SDRF ने किया रेस्क्यू, 2 की हालत गंभीर
भिवानी के बासिया भवन के नजदीक पटेल नगर में शुक्रवार रात को निर्माणाधीन बिल्डिंग का लेंटर गिरने से करीब 5 मजदूर दब गए। हादसे के तुरंत बाद लोगों को वहां से निकाला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने घायलों का उपचार आरंभ कर दिया।
इधर, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग की गाड़ी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इधर, हादसे का पता लगने के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम भी पहुंची। जिसने रेस्क्यू अभियान चलाया। ताकि बिल्डिंग का लेंटर गिरने के कारण कोई इसमें दबा हुआ तो नहीं हैं।

ठेकेदार ने बताया कि लेंटर की ढलाई कर रहे थे। 5 कट्टों का मसाला बनाया हुआ था, जिसकी ढलाई करनी बकाया थी। इसी दौरान अचानक बिम टूट गया। जिसके कारण वहां काम कर रहे 8 लोग सभी नीचे गिर गए। इसमें 2 लोगों को अधिक चोट लगी है। उन्होंने बताया कि 3 लेयर ठीक ढंग से लगी हुई थी, लेकिन यह पता नहीं लगा कि कैसे टूटी। इसकी 9 साइड कर चुके हैं। यहां मॉल बनाया जा रहा है। जिसके तीसरे फ्लोर का काम चल रहा है।
घायल मजदूर राजा ने बताया कि लेंटर ढल रहा था। वहीं सेटरिंग डाली हुई थी। इसी बीच वे नीचे गिर गए। उन्होंने बताया कि लेंटर डलने के दौरान ऊपर 8 लोग काम कर रहे थे, जिसमें से 4 मजदूर और 4 मिस्त्री थे। इस हादसे में 2 घायल ज्यादा हुए हैं। वहां लेंटर प्रतिदिन डाला जा रहा था। वे वहां पर मजदूरी करते हैं।

भिवानी नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तैनात डॉक्टर दीक्षा ने बताया कि उन्हें कई लोग घायल होने की सूचना मिली थी, लेकिन उनके पास अस्पताल में 2 लोग ही घायल होकर पहुंचे हैं। जिनमें से एक की हालत गंभीर हैं।
बताया जा रहा है कि अन्य लोगों को प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए हैं। घायल मरीजों का उपचार चल रहा है। घायलों ने बताया है कि वे लेंटर डाल रहे थे, वह गिर गया। जिसके नीचे वे दब गए थे। इस हादसे में उन्हें चोटें आई हैं।

दमकल विभाग से मौके पर पहुंचे कर्मचारी संदीप कुमार ने बताया कि फायर स्टेशन पर सूचना मिली थी कि एक बिल्डिंग गिर गई है। जिसके बाद उनकी टीम मौके पर तुरंत प्रभाव से पहुंची। यहां आकर देखा तो बिल्डिंग का लेंटर ताजा था और वह गिरा हुआ है।
2 लोग सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं और तीन लोग प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। जो हमारी गाड़ी पहुंचने से पहले उनको निकाल लिया गया था और अस्पताल पहुंचा दिया गया था। स्थानीय लोगों व यहां मौजूद लेबर ने बताया कि काम चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण का कार्य चल रहा था और इस दौरान कुछ वाइब्रेट हुआ और ऊपर से बिल्डिंग का लेंटर गिर गया। जिसमें मजदूर फंस गए और घायल हो गए।

एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि यहां लेंटर गिर गया है। जिस सूचना पर वे मौके पर पहुंचे। इस दौरान जो 3-4 लोग यहां थे, उनका रेस्क्यू करके अस्पताल पहुंचाया था। 2-3 को हल्की चोट है और करीब 2 लोगों में से एक के पैर पर व दूसरे के हाथ व अन्य जगह चोट लगी हुई है।
जो मजदूर थे, उन्हीं में से लोग बताए जा रहे हैं। प्राथमिक तौर पर चेक कर लिया हैं, अब अंदर कोई फंसा हुआ नहीं है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किस कारण से हुआ था। यहां लेंटर के लिए सेट्रिंग लगाई हुई थी।




