रेवाड़ी में खाटू श्याम जा रहे 2 दोस्तों की मौत:एक के बेटे का होना था कुआं पूजन, दूसरा 4 बेटियों का पिता, 2 अन्य घायल
रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बीती रात एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। ओढ़ी गांव के समीप गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने खाटू श्याम जी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के गांव कालाका के रहने वाले पवन (30), प्रवीण (25), विक्रम और उनका एक अन्य साथी रविवार रात ईको कार में सवार होकर राजस्थान स्थित खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। अभी उनकी यात्रा शुरू ही हुई थी कि हाईवे पर ओढ़ी गांव के पास सामने से काल बनकर आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
कालाका गांव के पवन ने लोन पर ईको वैन ली थी। वह गांव में ही स्कूल में किराए पर लगाई हुई है। पवन के पिता अभय सिंह खेती करते हैं। पवन के दो बेटे हैं। दूसरे बेटे का जन्म हाल ही में हुआ है। परिवार अभी उसका कुआं पूजन भी नहीं कर पाया था। इससे पहले ही एक्सीडेंट में पवन की मौत हो गई।
एक्सीडेंट में मारा गया कालाका का प्रवीण चार लड़कियों का था। प्रवीण गांव में ही छोटा-मोटा काम करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। उसके पिता सुरेंद्र खेती बाड़ी करते हैं। हादसे में घायल विक्रम भी गांव कालाका का ही रहने वाला है। मामा के घर आया भांजा भी घायल हादसे में पवन का भांजा कपिल भी घायल हुआ है। वह कोसली के पास स्थित नया गांव से अपने मामा के यहां आया हुआ था। दूसरा घायल विक्रम कालाका गांव का ही रहने वाला है। चारों पवन की इको में सवार होकर खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे थे। एक साथ दो युवकों की हादसे में मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि इनकी ईको वैन को रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन और प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विक्रम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बावल थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। गांव कालाका में इस हादसे के बाद से मातम का माहौल है।





