रोहतक में रोडवेज बस–कार की भीषण टक्कर, जींद के युवा फाइनेंसर की मौत, कार में लगी आग

रोहतक जिले के गांव पाकस्मा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में जींद जिले के एक युवा की जान चली गई। यहां हरियाणा रोडवेज की बस और वरना कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मृतक की पहचान जींद जिले के गांव लिजवाना निवासी 23 वर्षीय हिमांशु पुत्र जयवीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हिमांशु किसी काम से खरखौदा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पाकस्मा मोड़ के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में आग भड़क उठी।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए जलती हुई कार से हिमांशु को बाहर निकाला और इलाज के लिए रोहतक के पीजीआई ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
परिजनों के अनुसार हिमांशु फाइनेंस का काम करता था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है। हिमांशु के पिता जयवीर पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं और हादसे के समय मुंबई गए हुए थे। पुलिस द्वारा उन्हें बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद वह रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
आईएमटी थाना एसएचओ बिजेंद्र ने बताया कि पाकस्मा मोड़ के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




