रोहतक PGI में 12वीं पास फर्जी डॉक्टर काबू: दोस्त की जगह कर रहा था इलाज, पुलिस ने दर्ज किया केस

रोहतक (Sahil Kasoon The Airnews) – पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGI) से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 12वीं पास युवक को फर्जी डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज करते हुए पकड़ा गया है। यह युवक अपने दोस्त की जगह अस्पताल में ड्यूटी कर रहा था, जबकि उसके पास डॉक्टरी से संबंधित कोई भी डिग्री नहीं है।
पकड़ा गया युवक साहद, सोनीपत जिले के निजामपुर माजरा गांव का रहने वाला है। वह अपने दोस्त कृष्ण गहलावत की जगह PGI के ऑर्थोपेडिक विभाग में इंटर्नशिप कर रहा था। कृष्ण गहलावत कंसाला गांव का निवासी है और उसने UK से MBBS किया है। जून 2025 के बाद से कृष्ण अस्पताल नहीं आया और उसकी जगह साहद ड्यूटी कर रहा था।
गुरुवार को अस्पताल स्टाफ को साहद पर शक हुआ, क्योंकि ड्यूटी रजिस्टर में नाम कृष्ण का था, लेकिन वह खुद को साहद बता रहा था। जब उससे आईडी कार्ड मांगा गया, तो वह कोई वैध पहचान पत्र नहीं दिखा सका। शक गहराने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और अधिकारियों के सामने पेश किया।
PGIMS थाना प्रभारी रोशन लाल ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कल उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में कृष्ण गहलावत को भी सह-आरोपी बनाया गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि यह फर्जीवाड़ा कब से चल रहा था और क्या इसमें कोई और लोग भी शामिल हैं।
यह मामला मरीजों की जान से खिलवाड़ जैसा है। बिना किसी मेडिकल डिग्री के व्यक्ति द्वारा इलाज करना न केवल अवैध है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस दोनों इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं।




