loader image
Latest:
Monday, December 1, 2025

लाडो लक्ष्मी योजना का पैसा अब हर महीने नहीं मिलेगा:हिसार में CM सैनी का ऐलान, कहा- इकट्‌ठा पैसा महिलाओं के काम आएगा

हरियाणा के हिसार में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं को राहत देते हुए लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब इस योजना की आर्थिक सहायता दो किस्तों में दी जाएगी। ताकि महिलाएं उस रकम का बेहतर उपयोग कर सकें और उससे रोजगार या कोई छोटी शुरुआत कर पाएं।

हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत 2024 विधानसभा चुनाव के घोषणा-पत्र में महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण देने के वादे से हुई। मार्च 2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट भाषण में योजना का औपचारिक ऐलान किया और इसके लिए 5,000 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा।

सितंबर 2025 में योजना लॉन्च हुई और अक्टूबर 2025 में महिलाओं को पहली बार हरियाणा दिवस के मौके पर 2,100 रुपए की मासिक किस्त DBT के जरिए मिली। अब मुख्यमंत्री ने हिसार में आयोजित दादा बाढ़ देव जन्मोत्सव कार्यक्रम में घोषणा की है कि महिलाओं को यह राशि दो बड़ी किस्तों में दी जाएगी, ताकि वे इसे रोजगार या किसी बड़े काम में उपयोग कर सकें। कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं के लिए नई नौकरियों, नई IMT खोलने और गांव के विकास से जुड़े ऐलान भी किए।

 हरियाणा दिवस यानी 1 नवंबर को CM नायब सरकार ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी की। इस दिन 5,22,162 महिलाओं के बैंक खातों में 109 करोड़ रुपए डाले गए हैं। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6,97,697 आवेदन हुए। जिनमें से 6,51,529 विवाहित महिलाएं और 46,168 कुंवारी हैं। योजना के तहत परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) की बजाय आधार कार्ड की इनकम का डेटा इस्तेमाल किया गया है। इसलिए पात्रों की संख्या तय अनुमान से कम रही है। सितंबर को सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए एप लॉन्च किया था। तब सरकार ने दावा किया था कि हरियाणा में फैमिली आईडी के हिसाब से 19.62 लाख महिलाएं इस योजना के लाभ की पात्र होंगी। हालांकि पहली किस्त जारी होने तक यह आंकड़ा घट गया।  भाजपा ने अक्टूबर-2024 में हुए विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने का वादा किया था। तब आय की किसी तरह की कोई शर्त नहीं थी। बाद में जब सरकार ने ये वादा पूरा करने का ऐलान किया था, तब 1 लाख वार्षिक आय की शर्त रख दी। एक परिवार से 3 महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है।   बताया जा रहा है कि बिहार के नतीजे देखने के बाद हरियाणा की भाजपा सरकार लाडो लक्ष्मी योजना में यह बदलाव करने की सोच रही है। दरअसल, बिहार में चुनाव को देखते हुए नीतीश सरकार ने महिलाओं के खाते में सितंबर व अक्टूबर में 10-10 हजार रुपए ट्रांसफर किए। यह पैसा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दिया गया। बिहार में करीब 75 लाख महिलाएं इसकी पात्र हैं। इसका फायदा NDA को चुनाव में मिला। एक साथ पैसा देने से महिलाओं में मैसेज बड़ा गया। इसी वजह से हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के 2100 रुपए हर महीने देने की बजाय साल में दो बार (12600-12600) देने की तैयारी है। सरकार व पार्टी की सोच है कि एक साथ पैसा महिलाओं के खाते में जाएगा तो इससे बड़ा मैसेज जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दादा बाढ़ देव को प्रणाम करते हुए कहा कि उनकी सरकार उनके ही सिद्धांतों पर काम कर रही है। यह दिन हमारे लिए प्रेरणा का दिन है। इंसान अपनी पहचान कर्म व चरित्र से बनाता है यह दादा बाढ़ देव ने सिखाया है। दादा बाढ़ देव बोलते थे खाप की ताकत एकता में है। पूनिया खाप में समाज हित व जनहित को सबसे ऊंचा रखा है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ मुहीम में खाप पंचायतों ने उनका सहयोग किया और वह उनके कार्यक्रम में आई थी मैं उनसे आग्रह करता हूं कि युवाओं को नशे से दूर रखने में खापों की भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु तेगबहादुर के 350 जन्मोत्सव पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के बारे में बताया कि और कहा प्रधानमंत्री मोदी 25 नवंबर को हरियाणा आएंगे और 2 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता महोत्सव और गुरु तेग बहादुर का जन्मोत्सव सरकार मना रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि औरंगजेब क्रूर शासक था वह लोगों पर जुल्म करता था। उस समय कश्मीरी पंडित गुरु तेग बहादुर के पास गए और कहा कि इतने अत्याचार हमारे ऊपर हो रहे हैं। उनकी बात को गुरु ने सुना और कहा कि इसको रोकने को बड़े व्यक्ति को बलिदान देना पड़ेगा। इस पर गुरु तेगबहादुर में अपना शीश देकर धर्म की रक्षा की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 2024 विधानसभा चुनाव से पहले 217 वादे संकल्प पत्र में किए थे। हमने पहले साल में 50 वादे पूरे कर दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने शपथ से पहले 25 हजार युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। मैंने पहले नौकरी दी इसके बाद शपथ लेकर मुख्यमंत्री बना।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया की मांग पत्र पर गांव खरक पूनिया में सामुदायिक केंद्र बनाने की घोषणा की। इसके अलावा गांव में पुस्तकालय भी खोलने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां का स्कूल मॉडल संस्कृत मॉडल स्कूल के रूप में विकसित होगा। दादा बाढ़ के नाम पर इसका नामकरण किया जाएगा।

वहीं मंच पर बोलते हुए BJP प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि पहले हरियाणा का मुख्यमंत्री एक जाति का होता था। मगर अब हरियाणा का सीएम पूरी कौम का है। सतीश पूनिया ने इस आयोजन के लिए प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया को बधाई दी और कहा कि दादा बाढ़ को याद करने का इससे अच्छा मौका और कोई नहीं हो सकता था।

कार्यक्रम से जुड़े PHOTOS…

सीएम को बाढ़ देव पूनिया की चांदी की प्रतिमा देते हुए सर्व समाज पूनिया खाप के लोग।
सीएम को बाढ़ देव पूनिया की चांदी की प्रतिमा देते हुए सर्व समाज पूनिया खाप के लोग।
मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह में हरियाणा के अलावा राजस्थान से भी लोग आए हुए हैं।
मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह में हरियाणा के अलावा राजस्थान से भी लोग आए हुए हैं।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!