loader image
Saturday, November 8, 2025

सुरजेवाला बोले: पंजाब को हरियाणा का पानी रोकने का अधिकार किसने दिया ?

 

हरियाणा में पानी संकट पर कांग्रेस का वार: सुरजेवाला बोले- टैंकर माफिया हावी, सरकारें चुप, जनता बेहाल

The Airnews | चंडीगढ़ | विशेष रिपोर्ट

हरियाणा में पानी संकट गहराता जा रहा है और इस बीच कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा आज भीषण जल संकट से गुजर रहा है और सरकारें केवल चिट्ठियां लिखने और बयानबाजी में व्यस्त हैं।

सिर्फ 4000 क्यूसेक पानी, जलीय जीवन संकट में

सुरजेवाला के अनुसार, हरियाणा को इस समय सिर्फ 4000 क्यूसेक पानी मिल रहा है, जो सामान्य जरूरत से कहीं कम है। इसके चलते प्रदेश के 10 जिलों में जल संकट भयावह हो गया है। उन्होंने बताया कि 215 से अधिक जलीय जीव सूख चुके हैं और टैंकर माफिया इस स्थिति का फायदा उठाकर लोगों का शोषण कर रहा है।

कपास उत्पादक जिलों में बुवाई रुकी

हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जैसे कपास उत्पादक जिलों में पानी की कमी के कारण किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। सुरजेवाला ने कहा कि हर साल 15 मई तक कपास के बीज बो दिए जाते हैं, लेकिन इस बार पानी न मिलने के कारण बुवाई नहीं हो पा रही है।

सरकारें नाकाम, केंद्र मूकदर्शक

उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्री केवल एक-दूसरे पर आरोप लगाने और चिट्ठियां लिखने में लगे हैं। वहीं केंद्र सरकार और उसकी एजेंसी BBMB (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) मूकदर्शक बनी हुई है। BBMB केंद्रीय बिजली मंत्री के अधीन आता है, लेकिन इस मामले पर कोई कदम नहीं उठाया गया है।

भाखड़ा डैम पर पंजाब पुलिस का कब्जा

सुरजेवाला ने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब किसी राज्य सरकार ने केंद्रीय परियोजना पर कब्जा किया है। भाखड़ा डैम पर अभी भी पंजाब पुलिस तैनात है जबकि इसकी सुरक्षा का जिम्मा CISF को सौंपा जाना चाहिए था। यह गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है, लेकिन वह भी निष्क्रिय बना हुआ है।

मनोहर लाल नहीं बुला रहे बैठक

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पंजाब हरियाणा को पानी नहीं दे रहा है तो इस मुद्दे पर बैठक बुलाने की जिम्मेदारी केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल की है, लेकिन वे कोई कदम नहीं उठा रहे। मुख्यमंत्री नायब सैनी को प्रधानमंत्री और संबंधित मंत्रियों से बात करनी चाहिए, लेकिन राज्य सरकार भी निष्क्रिय नजर आ रही है।

बीजेपी-आप की साजिश?

रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच इस मुद्दे पर मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान की लोकप्रियता गिर रही है, लेकिन भाजपा उन्हें जानबूझकर हीरो बना रही है ताकि कांग्रेस को सत्ता से दूर रखा जा सके। पंजाब की जनता अब कांग्रेस के पक्ष में है और इसी कारण राजनीतिक नूरा कुश्ती हो रही है।

रोटी-बेटी के रिश्ते को भी किया राजनीति का शिकार

सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा और पंजाब के बीच रोटी-बेटी का संबंध है, लेकिन आज राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह मसला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक संकट का कारण बन सकता है।

रणदीप सुरजेवाला के छह तीखे सवाल:

  1. क्या यह मुद्दा जनता को आपस में लड़ाने की साजिश नहीं है?
  2. क्या BBMB केंद्र का निकाय नहीं है?
  3. क्या राज्य सरकार किसी केंद्रीय योजना पर तालाबंदी कर सकती है?
  4. भाखड़ा डैम पर CISF की तैनाती क्यों नहीं की जा रही?
  5. हरियाणा को केवल 8 दिन तक ही पानी क्यों दिया जा रहा है?
  6. पंजाब को हरियाणा का पानी रोकने का अधिकार किसने दिया?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!