loader image
Latest:
Sunday, March 22, 2026

हरियाणवी सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग से पहले का CCTV सामने आया: पंच से पीछा कर रहे थे हमलावर, मूसेवाला जैसी साजिश; लॉरेंस गैंग पर शक

इस फुटेज में हमलावर पंच कार से सिंगर फाजिलपुरिया की थार का पीछा करते हुए नजर आ रहे हैं। इनसेट में सिंगर की फाइल फोटो।

गुरुग्राम | Sahil Kasoon The Airnews – गुरुग्राम में हरियाणवी सिंगर और रैपर राहुल फाजिलपुरिया पर हुए फायरिंग हमले से पहले का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में हमलावरों की पंच कार फाजिलपुरिया की थार का पीछा करते हुए नजर आ रही है। हमलावरों की दूसरी गाड़ी हैरियर थी। यह हमला उसी पैटर्न पर किया गया जैसे पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई थी।

इस फुटेज में पंच गाड़ी थार को ओवरटेक करने की कोशिश करती हुई दिख रही है।

CCTV में दिखी साजिश की झलक

फुटेज में पंच कार फाजिलपुरिया की थार को ओवरटेक करने की कोशिश करते हुए दिखाई देती है, जिससे साफ है कि सिंगर को घेरकर गोली मारने की पूरी योजना थी। मगर फाजिलपुरिया को हमलावरों की मंशा भांपते ही गाड़ी तेज भगाकर जान बचानी पड़ी।

लॉरेंस गैंग से जुड़ रहा शक

सूत्रों के मुताबिक, फाजिलपुरिया को पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली थी। इस पर उनकी सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी लगाए गए थे, लेकिन बाद में धमकी का सबूत न मिलने पर उन्हें हटा लिया गया। फिलहाल गुरुग्राम पुलिस ने इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हमले की जगह पर CCTV भी नहीं था

हमलावरों ने फाजिलपुरिया को साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर निशाना बनाया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि वहां कोई CCTV कैमरा मौजूद नहीं था। इससे साफ है कि हमला पूरी प्लानिंग के साथ किया गया।


फाजिलपुरिया पर हमले के बाद पहुंची पुलिस की टीमें।


सिंगर की जान को खतरा, पुलिस ने बनाई टीमें

पुलिस ने बताया कि दो टीमें बनाई गई हैं जिनमें क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि फाजिलपुरिया की गतिविधियों की रेकी की गई थी और हमलावरों को पता था कि उस वक्त वह अकेले सफेद रंग की थार में यात्रा कर रहे थे।


मूसेवाला जैसी प्लानिंग, लेकिन फाजिलपुरिया बच गए

29 मई 2022 को सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला पर हमला करने वाले शूटर भी दो गाड़ियों में आए थे और हमला उसी तरह प्लान किया गया था जैसे अब फाजिलपुरिया पर किया गया। फर्क सिर्फ इतना रहा कि मूसेवाला रुक गए, जबकि फाजिलपुरिया गाड़ी भगा कर बच निकले।


ED से भी हो चुकी है पूछताछ

फाजिलपुरिया, यूट्यूबर एल्विश यादव के करीबी दोस्त हैं। एल्विश पर सांप के जहर के अवैध कारोबार में जांच चल रही थी। इस केस में फाजिलपुरिया से भी प्रवर्तन निदेशालय (ED) पूछताछ कर चुकी है। साथ ही हरियाणा और यूपी में दोनों की प्रॉपर्टी भी अटैच की गई थी।


लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं फाजिलपुरिया

सिंगर फाजिलपुरिया ने 2024 में जननायक जनता पार्टी (JJP) से गुरुग्राम सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उनका मुकाबला भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह और कांग्रेस के राज बब्बर से हुआ था, जिसमें वह हार गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!