loader image
Latest:
Thursday, February 5, 2026

हरियाणा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की तैयारी में लगे अध्यक्ष:कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी की मौजूदगी में लग सकती है मुहर; 10 दिन तक होगा मंथन

कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर स्थित पंजाबी धर्मशाला में 13 से 22 जनवरी तक प्रस्तावित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान हरियाणा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन पर मुहर लगने की संभावना है। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह कार्यकारिणी में शामिल किए जाने वाले सदस्यों की सूची तैयार करने में जुटे हैं।

वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में यह सूची राहुल गांधी के समक्ष रखी जाएगी, जिसके बाद अंतिम सहमति ली जाएगी। राव नरेंद्र सिंह के अनुसार कार्यकारिणी की घोषणा कभी भी की जा सकती है।

लंबे 11 साल के इंतजार के बाद हरियाणा कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति पूरी कर ली है। पार्टी ने 22 जिला अध्यक्षों समेत कुल 32 जिलों और शहरी इकाइयों के अध्यक्षों की घोषणा की है। अब प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जिला कार्यकारिणी के गठन की तैयारी में हैं, ताकि संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह सक्रिय हो सके।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 या 20 जनवरी को कुरुक्षेत्र पहुंचने की संभावना है। हालांकि, उनके कार्यक्रम पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का शेड्यूल भी राहुल गांधी के साथ जारी होने की उम्मीद है।

कांग्रेस हाईकमान का मुख्य उद्देश्य जिलाध्यक्षों को पार्टी की नीतियों से गहराई से अवगत कराना और उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी रणनीतिकार के रूप में तैयार करना है। इस प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा और उत्तराखंड के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह शिविर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का शिविर में आना तय है, लेकिन आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान जिलाध्यक्षों को घर-घर पहुंचने, जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने, वोट चोरी, अपराध में वृद्धि, किसानों से जुड़े सवालों और अन्य स्थानीय समस्याओं को तार्किक ढंग से सिरे तक पहुंचाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक संगठन विस्तार और नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति के बाद राहुल गांधी समीक्षात्मक बैठक भी करेंगे। सख्त चेतावनियों के बावजूद प्रदेश कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं और उनके समर्थकों के बीच गुटबाजी के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में कई वरिष्ठ नेताओं के लिए यह चुनौती बन गया है कि वे राहुल गांधी के समक्ष अपनी बात किस तरह रखें।

प्रशिक्षण का उद्देश्य पार्टी को भीतर से मजबूत करना, गुटबाजी खत्म करना और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को फिर से खड़ा करने की रणनीति नेताओं को बारीकी से समझाना है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ने इसका ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। जिला कार्यकारिणी में सभी गुटों को साधने के मकसद से सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी। पार्टी के मुताबिक कार्यकारिणी में जिला अध्यक्ष, चार उपाध्यक्ष, एक महासचिव (संगठन), आठ महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, 16 सचिव की नियुक्ति होगी। इस हिसार एक जिला कार्यकारिणी में कुल 31 सदस्यों को शामिल किया जाना है।

31 सदस्यों की कार्यकारिणी का गठन एक सोची समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है। इसका मकसद यही है कि पार्टी के सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह दी जाए, ताकि कार्यकर्ताओं में अपनेपन की भावना रहे। इसके साथ ही पार्टी के सभी गुटों को भी साधा जाएगा। हर गुट के सदस्यों को पार्टी में जगह दी जाएगी, ताकि गुटबाजी की कोई गुंजाइश न रहे।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!