हरियाणा का बजट 2 मार्च को पेश होगा:विधानसभा सेशन का शेड्यूल जारी, 17 दिन चलेगी कार्यवाही, 9 छुटि्टयां
18 मार्च तक चलने वाले इस बजट सत्र में 9 छुटि्टयां होंगी। सेशन 17 दिन चलेगा। फिलहाल टेम्परेरी शेड्यूल जारी किया गया है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला 19 फरवरी को होने वाली बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की मीटिंग में होगा।
बजट सेशन का शेड्यूल देखें…


जानिए बजट सेशन में कब क्या होगा….
सेशन की शुरुआत 20 फरवरी को सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें शोक प्रस्ताव रखे जाएंगे और सदन पटल पर पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद 21 और 22 फरवरी को अवकाश रहेगा। 23 से 25 फरवरी तक राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी।
26 फरवरी को सामान्य चर्चा फिर से शुरू होगी और वर्ष 2025-26 के लिए अनुपूरक बजट (तीसरी किस्त) पर प्रस्तुति, चर्चा और मतदान होगा। 27 फरवरी को मुख्यमंत्री राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देंगे, धन्यवाद प्रस्ताव पर मतदान होगा और वर्ष 2025-26 के लिए अनुपूरक अनुदान विधेयक (तीसरी किस्त) पारित किया जाएगा। 28 फरवरी और 1 मार्च को अवकाश रहेगा।
2 मार्च को सुबह 11 बजे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बजट पेश करेंगे। 3 मार्च को सदन की बैठक नहीं होगी, जबकि 4 मार्च को अवकाश रहेगा। 5 और 6 मार्च को विभागीय स्थायी समितियों की बैठकें होंगी। 7 और 8 मार्च को अवकाश रहेगा। 9 मार्च को स्थायी समितियों की रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।
10 से 13 मार्च तक बजट पर चर्चा होगी। 14 और 15 मार्च को अवकाश रहेगा। 16 मार्च को सदन में बैठकों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसी दिन बजट पर सामान्य चर्चा का समापन होगा और वित्त मंत्री/मुख्यमंत्री बजट पर जवाब देंगे। साथ ही विधायी कार्य भी निपटाया जाएगा। 17 मार्च को विनियोग विधेयक और अन्य विधायी कार्य सदन में लिए जाएंगे। 18 मार्च को सदन में विधायी कार्य के साथ-साथ अन्य विषयों पर भी चर्चा होगी।

विधानसभा के बजट सेशन के इस टेम्परेरी शेड्यूल पर अंतिम मुहर बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की मीटिंग में लगेगी। 19 फरवरी को ये मीटिंग बुलाई गई है। मीटिंग में स्पीकर हरविंद्र कल्याण, सीएम नायब सैनी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज सहित 10 लोगों को न्योता भेजा गया है। मीटिंग में विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और INLD विधायक अर्जुन चौटाला शामिल होंगे।




